हिमाचल की वादियों में बन रही लघु फ़िल्म “नशा एक खौफ” , युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देगी सामाजिक फ़िल्म - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Sunday, November 9, 2025

    हिमाचल की वादियों में बन रही लघु फ़िल्म “नशा एक खौफ” , युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देगी सामाजिक फ़िल्म

     परस राम भारती

    बंजार 9 नवंबर 2025

    हिमाचल प्रदेश की मनमोहक वादियों में सामाजिक संदेश देने वाली लघु फ़िल्म “नशा एक खौफ” की शूटिंग शुरू हो चुकी है। यह फ़िल्म भोजपाल प्रोडक्शन और एनएसपीआर इंडिया संस्था के संयुक्त बैनर तले बनाई जा रही है। फ़िल्म का निर्देशन आमिर अल्वी कर रहे हैं, जबकि निर्माण में एचबीटी फाउंडेशन और सहभागती एनजीओ कुल्लू का सहयोग रहेगा।


    फ़िल्म को हिमाचल प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से शूटिंग की आधिकारिक अनुमति मिल चुकी है। इसकी शूटिंग शनिवार से कुल्लू में आरंभ हुई है और आगे शिमला, मंडी, सुंदरनगर और तीर्थन घाटी के मनोहारी स्थलों पर की जाएगी।


    निर्देशक आमिर अल्वी ने बताया कि “नशा एक खौफ” केवल एक फ़िल्म नहीं, बल्कि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने का प्रयास है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ और नशामुक्त भविष्य की दिशा में प्रेरित करना है।”

    फ़िल्म की कहानी एक पर्यटक जोड़े और हिमाचल पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों पर केंद्रित है। इसमें यह संदेश दिया गया है कि नशा कोई आनंद नहीं, बल्कि जीवन को धीरे-धीरे नष्ट करने वाला एक खतरनाक “खौफ” है।



    फ़िल्म में हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता, स्थानीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा। इसमें बॉलीवुड कलाकार सुरेन्द्र ठाकुर, सुभाष चंद यादव, और हिमाचल के वरिष्ठ थिएटर कलाकार दीप कुमार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। प्रमुख अभिनेत्रियों में शगुन नेगी और सरोज शामिल हैं।

    स्क्रीनप्ले और संवाद का लेखन त्रिलोक सिंह राजपूत ने किया है, जबकि संपादन (एडिटिंग) सचिन गौर द्वारा किया जा रहा है। कास्टिंग डायरेक्टर नरेंद्र सनी हैं और टीम में आर्यन शर्मा, चंदन भट्ट तथा प्रेम जैसे युवा सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

    एनएसपीआर संस्था के अध्यक्ष आमिर अल्वी ने बताया कि यदि कोई हिमाचल का कलाकार इस फ़िल्म या नशा मुक्ति अभियान का हिस्सा बनना चाहता है, तो वह ऑनलाइन ऑडिशन देकर जुड़ सकता है। फ़िल्म में अभिनय, तकनीकी और रचनात्मक क्षेत्र के युवाओं को अवसर दिया जाएगा।

    फ़िल्म का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज में फैलते नशे के खतरों के प्रति लोगों को जागरूक करना और युवाओं को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना है।


    No comments:

    Post a Comment

    Thanks for contact us. We will contact you shortly.