पूर्व प्रधान विनोद ठाकुर का लोकपाल (मनरेगा) कुल्लू के फैसले पर तीखा पलटवार”
“लोक शोभा डिजिटल न्यूज़ चैनल पर गरमाया मुद्दा,“अपील की तैयारी में पूर्व प्रधान,न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा”
📍 आनी, 3 मार्च,आनी |
✍️ विशेष रिपोर्ट: डी० पी० रावत।
अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़ ।
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के विकास खण्ड आनी की बैहना पंचायत एक बार फिर सुर्खियों में है। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित इस पंचायत को लेकर मनरेगा लोकपाल के फैसले के बाद सियासी और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
लोक शोभा डिजिटल न्यूज़ चैनल के लाइव सत्र में बैहना पंचायत के पूर्व प्रधान विनोद ठाकुर ने लोकपाल (मनरेगा) कुल्लू के निर्णय पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शिकायतकर्ताओं पर व्यक्तिगत रंजिश से प्रेरित होने का आरोप लगाया और कहा कि यह पूरा मामला उनकी छवि धूमिल करने की साजिश है।
पूर्व प्रधान ने लोकपाल की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जांच “कानूनी दायरे में नहीं की गई।” उन्होंने स्पष्ट किया कि 60:40 अनुपात (मनरेगा कार्यों में श्रम एवं सामग्री व्यय) के आरोप पूरी तरह निराधार हैं और संबंधित कार्यों की स्वीकृति उच्चाधिकारियों द्वारा दी गई थी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बैहना पंचायत में हुई जांच की कार्यप्रणाली को लेकर जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। उपायुक्त कुल्लू द्वारा एसडीएम आनी की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी गठित की गई है, जो पूरे मामले की समीक्षा कर रही है।
लाइव सत्र के दौरान लोक शोभा डिजिटल न्यूज़ चैनल के पत्रकार संजीव आर्यन और अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़ के पत्रकार डी पी रावत ने कई तीखे और तथ्यपरक सवाल पूछे। पूर्व प्रधान ने हर प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि वे लोकपाल के निर्णय के विरुद्ध अपील करेंगे और न्यायिक प्रक्रिया पर उन्हें पूरा विश्वास है।
गौरतलब है कि बैहना पंचायत को पूर्व में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल चुका है, जिससे यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच और संभावित अपील की प्रक्रिया पर टिकी हैं।
📌 ABD न्यूज़ की अपील:
सच्चाई सामने लाने के लिए हम दोनों पक्षों को समान अवसर देने के पक्षधर हैं। यदि शिकायतकर्ता या प्रशासन अपनी प्रतिक्रिया देना चाहें तो ABD न्यूज़ उनके वक्तव्य को भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।
किसी भी समाचार के तथ्यों पर आपत्ति होने पर अपनी शिकायत यहां इस लिंक पर दर्ज़ करें।

No comments:
Post a Comment