विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने किया मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Thursday, November 13, 2025

    विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने किया मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित

     भूषण गुरुंग 

    13 नवंबर 2025

    अखण्ड भारत दर्पण न्यूज़ 


    विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगढ़ार के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। ‘संस्कृति–2025’ थीम पर आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।



    विधानसभा अध्यक्ष ने शैक्षणिक, खेलकूद एवं सह–पाठ्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्ता युक्त शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि सरकार की दूरदर्शी नीतियों के चलते हिमाचल प्रदेश अब शिक्षा के क्षेत्र में देश के शीर्ष पाँच राज्यों में शुमार है।


    कुलदीप पठानिया ने कहा कि 16 करोड़ रुपये की लागत से बन रही बगढ़ार–नगाली पेयजल योजना लगभग पूरी हो चुकी है और दिसंबर या जनवरी में इसका लोकार्पण किया जाएगा। इस योजना से छह पंचायतों को सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।


    उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू शीघ्र चंबा का दौरा करेंगे और आपदा प्रभावित परिवारों को राहत राशि वितरित करेंगे। उन्होंने कहा कि भटियात क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, विद्युत, सिंचाई–पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।


    विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र के सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए 27 संपर्क मार्गों की योजना तैयार की गई है, जिनमें से अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं। साथ ही, खिरड़ी धार क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।


    विद्यालय प्रबंधन समिति की मांग पर उन्होंने खेल मैदान निर्माण के लिए एफसीए प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए और विद्यालय को कबड्डी मैट देने का आश्वासन भी दिया। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने वरिष्ठ वर्ग के लिए 21 हजार और कनिष्ठ वर्ग के लिए 11 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की।


    इस अवसर पर कार्यकारी प्रधानाचार्य अनुपम शर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में एसडीएम नागरिक अनिल भारद्वाज, डीएसपी मयंक शर्मा, डीएफओ रजनीश महाजन, बीडीओ अनिल गुराडा, विभागीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यार्थी, अभिभावक एवं स्थानीय गणमान्य उपस्थित रहे।

    No comments:

    Post a Comment

    Thanks for contact us. We will contact you shortly.