अखण्ड भारत दर्पण (ABD )न्यूज़
कांगड़ा, 28अप्रैल
जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पंचरुखी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बनूरी–पंचरुखी लिंक रोड पर पुलिस ने एक आल्टो कार से 4 किलो 40 ग्राम चरस बरामद कर दो तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि बनूरी–पंचरुखी लिंक रोड पर स्थित श्मशानघाट के समीप दो वाहनों में कुछ व्यक्ति सवार हैं, जो भारी मात्रा में चरस की खेप लेकर उसकी अवैध बिक्री करने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी कर दी।
पुलिस ने मौके पर मौजूद संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक आल्टो कार से 4 किलो 40 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत कब्जे में ले लिया। इसके बाद कार में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गोपाल (24) पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी गांव खून्न, तहसील आनी, जिला कुल्लू तथा सुरेंद्र कुमार (37) पुत्र स्वर्गीय धनी राम निवासी गांव डगूट, डाकघर जाओं , तहसील आनी, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पंचरुखी में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि बरामद की गई चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और संभावित सप्लायरों की पहचान भी की जा रही है।
जिला कांगड़ा पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।

No comments:
Post a Comment