लुहरी पुलिस की कार्रवाई: आनी व निरमंड के दो युवक 10.16 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Friday, April 3, 2026

    लुहरी पुलिस की कार्रवाई: आनी व निरमंड के दो युवक 10.16 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार

     NDPS एक्ट के तहत माह में तीसरा मुकदमा दर्ज।

    🖋️ आनी (कुल्लू), 3 अप्रैल

    डी० पी० रावत | विशेष रिपोर्ट

    अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़



    जिला कुल्लू में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। आनी उपमंडल की पुलिस चौकी लुहरी की टीम ने दो युवकों को 10.16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।

    पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदनलाल कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते दिन पुलिस चौकी लुहरी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लुहरी मोड़ के समीप नाकाबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोका गया और तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 10.16 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

    इस मामले में थाना आनी में दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू (35 वर्ष) पुत्र मस्त राम, निवासी गांव व डाकघर लुहरी, तहसील आनी तथा सैलेश बंसल (27 वर्ष) पुत्र संतोष बंसल, निवासी गांव बागीपुल, डाकघर ब्यूणी, तहसील निरमंड के रूप में हुई है।

    पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि नशे के इस नेटवर्क के स्रोत, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।

    कुल्लू पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।

    सूत्रों के अनुसार आनी पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ NDPS एक्ट के अन्तर्गत एक महीने के अंदर यह तीसरी बड़ी कार्यवाही अमल में लाई गई है।

    No comments:

    Post a Comment