गोविंद वल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय, रामपुर बुशहर में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता का समापन समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नंद लाल, सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक रामपुर बुशहर, रहे, जबकि उनकी धर्मपत्नी सत्या देवी ने भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शिरकत की।
समारोह में विभिन्न महाविद्यालयों से आए टीम इंचार्ज, प्रतिभागी खिलाड़ी, कॉलेज स्टाफ, पीटीए सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत से हुई। इसके बाद कॉलेज के प्राचार्य डा. पंकज बासोतिया ने स्वागत भाषण देते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति की सराहना की।
समारोह में महाविद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक कुल्लवी नाटी की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नंद लाल ने छात्राओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेलों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास होता है।
कार्यक्रम के दौरान अंतिम दो फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसके पश्चात पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ।
प्रतियोगिता में मेजबान गोविंद वल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर ने प्रथम स्थान, सेंट बीड्स कॉलेज शिमला ने द्वितीय स्थान, जबकि राजकीय महाविद्यालय नेरवा और संजौली कॉलेज ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर डा. तिलक राज (प्राचार्य, बुशहर बी.एड. कॉलेज), डा. जी.आर. नेगी (सेवानिवृत्त प्रोफेसर), डा. विक्रांत गौतम (पर्यवेक्षक), श्री सुरेंद्र कुमार शांडिल (टेक्निकल ऑफिशियल, एचपी विश्वविद्यालय), डा. विद्याबंधु नेगी (आयोजन सचिव) सहित निर्णायक मंडल के सदस्य अशोक नेगी, कमल कुमार, कमलेश सेन, संजीत चौहान, टेक चंद, अभिषेक, सुमन नेगी और सुभद्रा उपस्थित रहे।
समापन समारोह के साथ ही प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसमें खिलाड़ियों के उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
Best Digital Marketing Services – Click Here

No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.