डी. पी. रावत
28 अक्टूबर 2025
आनी
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद आनी मंडल से सेवानिवृत्त अतिरिक्त सहायक अभियंता नवल ठाकुर को जिला कुल्लू वॉलीबॉल एसोसिएशन का वाइस प्रेसिडेंट चुना गया है। 23 अक्टूबर 2025 को सर्वसम्मति से हुई बैठक में उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
आनी के समीप स्थित रुना गांव के निवासी नवल ठाकुर एक सामान्य कृषक परिवार से संबंध रखते हैं। उन्होंने अपने जीवन में अनेक संघर्षों के बावजूद सेवा, समाजसेवा और खेल—तीनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
वॉलीबॉल और बैडमिंटन के चैंपियन खिलाड़ी के रूप में नवल ठाकुर ने खंड स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने न केवल विद्युत परिषद बल्कि हिमाचल प्रदेश का भी नाम रोशन किया।
आज जीवन के छह दशक पार करने के बाद भी वे सक्रिय रूप से क्रीड़ा गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। हिमाचल प्रदेश वॉलीबॉल संगठन ने उनके समर्पण, श्रम और नेतृत्व क्षमता को सम्मान देते हुए उन्हें यह पद सौंपा है।
नवल ठाकुर प्रदेश के विभिन्न खेल आयोजनों, पारंपरिक खेलों तथा अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में आयोजित प्रतियोगिताओं में निरंतर अपनी निस्वार्थ सेवाएं प्रदान करते हैं। सामाजिक कार्यों में भी वे सक्रिय भूमिका निभाते हैं और जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव आगे रहते हैं।
आनी क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, खेल प्रेमियों और युवाओं ने नवल ठाकुर को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है और उनके दीर्घ, स्वस्थ जीवन की कामना की है।
Best Digital Marketing Services – Click Here

No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.