कुल्लू/शिमला,5 जनवरी
डी० पी० रावत
अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़
केन्द्र शासित प्रदेश दादरा - नगर हवेली और दमन - दीव के दमन में 5 से 10 जनवरी के मध्य आयोजित हो रहे "खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026" में हिमाचल प्रदेश की बेटियां शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहीं हैं। दमन के बीच पर आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिमाचल महिला फुटबॉल टीम की तीन खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
इन तीनों खिलाड़ियों का चयन नेशनल कैंप के लिए किया गया है, जो हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है। चयनित खिलाड़ियों में रामेश्वरी, अनु और कृतिका शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।
ग़ौरतलब है कि उक्त तीनों खिलाड़ी कुल्लू ज़िला से संबंधित हैं। जिसमें से दो खिलाड़ी क्रमशः रामेश्वरी और अनु मणिकर्ण घाटी के जरी क्षेत्र से,जबकि तीसरी आनी विकास खण्ड की ग्राम पंचायत मुहान के पकरेड़ गांव के लीला प्रसाद की पुत्री है।
टीम को यह सफलता अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर मिली। उल्लेखनीय है कि यह पहला मौका है जब हिमाचल प्रदेश की महिला फुटबॉल टीम से इतनी संख्या में खिलाड़ी खेलो इंडिया बीच गेम्स के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर तक पहुँची हैं।
अब ये खिलाड़ी आगामी इंटरनेशनल ट्रायल और नेशनल कैंप में भाग लेंगी, जहां से आगे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का रास्ता खुलेगा। खेल प्रेमियों और खेल संघों ने इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और परिजनों को बधाई दी है।
प्रदेश के लिए यह उपलब्धि न केवल खेल जगत में एक नई पहचान है, बल्कि आने वाली पीढ़ी की बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
Best Digital Marketing Services – Click Here





Good work sir
ReplyDeleteThank you sir
ReplyDelete