हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह के हालिया बयान के बाद शुरू हुई सियासी बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। मंत्रियों की ओर से की गई टिप्पणियों के विरोध में सोमवार को उनके समर्थक होलीलॉज शिमला पहुंचे।
युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर की अध्यक्षता में प्रदेशभर से युवा विक्रमादित्य सिंह के आवास पर एकत्र हुए। इस दौरान समर्थकों ने एक स्वर में कहा कि विक्रमादित्य सिंह अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है।
“कैबिनेट का आंतरिक मामला है बयानबाजी”
यदुपति ठाकुर ने कहा कि होलीलॉज पहुंची भीड़ को किसी ने बुलाया नहीं है, बल्कि युवा स्वेच्छा से अपने नेता के समर्थन में यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि जो बयानबाजी हो रही है, वह कैबिनेट का आंतरिक मामला है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री और सभी कैबिनेट मंत्रियों का उतना ही सम्मान करते हैं जितना विक्रमादित्य सिंह का।
प्रतिभा सिंह ने भी किया समर्थन
कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने विक्रमादित्य सिंह के समर्थन में बयान देते हुए कहा कि वे एक परिपक्व और वरिष्ठ नेता हैं। उन्हें कब क्या कहना है और किस मुद्दे पर कैसे बोलना है, यह वे भली-भांति जानते हैं।
अधिकारियों पर टिप्पणी के बाद गरमाई सियासत
गौरतलब है कि विक्रमादित्य सिंह की ओर से उत्तर प्रदेश और बिहार से संबंध रखने वाले अधिकारियों को लेकर की गई टिप्पणी के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई थी। उनके बयान पर मंत्री जगत सिंह नेगी और अनिरुद्ध सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी थी। वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विक्रमादित्य सिंह को अपना काम सही ढंग से करने की नसीहत दी थी।
अब उनके समर्थकों के होलीलॉज पहुंचकर वीरभद्र परिवार के समर्थन में उतरने से सियासी माहौल और अधिक गर्म हो गया है।
Best Digital Marketing Services – Click Here

No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.