डी पी रावत
अखण्ड भारत दर्पण न्यूज
कैबिनेट के बड़े फैसले: मेडिकल कॉलेजों में भर्तियां, हवाई सेवाएं बहाल, नया आइस स्केटिंग रिंक
शिमला, 19 जनवरी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में पंचायत चुनावों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। सरकार ने हाई कोर्ट के आदेशों के अनुरूप 30 अप्रैल से पहले पंचायत चुनाव करवाने पर सहमति जताई है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि सरकार इस मामले में सुप्रीम कोर्ट नहीं जाएगी। पंचायती राज विभाग को चुनाव की तैयारियां तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
कैबिनेट ने मेडिकल कॉलेजों में खाली पड़े तकनीकी स्टाफ के 120 पद भरने की मंजूरी दी है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में कैंसर विभाग खोलने और वहां 250 पदों को भरने की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बैठक के बाद बताया कि जनजातीय क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन अब एक महीने एडवांस दी जाएगी। इसके साथ ही डिजास्टर मैनेजमेंट सेल में 11 नए पद स्वीकृत किए गए हैं।
राजस्व विभाग में स्टाफ की कमी को देखते हुए रेवेन्यू ऑफिसरों की पुनर्नियुक्ति का फैसला लिया गया है। वहीं स्टाफ नर्स भर्ती में आयु सीमा 21–32 वर्ष से बढ़ाकर 18–45 वर्ष कर दी गई है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग को इसमें 5 वर्ष की अतिरिक्त छूट मिलेगी।
कैबिनेट ने प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी बहाल करने का भी निर्णय लिया है। शिमला–दिल्ली और शिमला–धर्मशाला के बीच हवाई सेवाएं फिर से शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही शिमला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का नया आइस स्केटिंग रिंक बनाने की मंजूरी दी गई है।
खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए फूड न्यूट्रीशन पॉलिसी को मंजूरी दी गई है। कंडाघाट में फूड सेफ्टी लैब खोली जाएगी और 26 अलग-अलग खाद्य उत्पादों को स्वीकृति दी गई है।
Best Digital Marketing Services – Click Here

No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.