डी पी रावत
अखण्ड भारत दर्पण न्यूज
कुल्लू, 23 जनवरी।
जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा व बर्फबारी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बंजार और मनाली उप-मंडलों में 24 जनवरी को सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कुल्लू, तोरुल एस. रवीश ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 30 एवं 34(एम) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।
आदेशों के अनुसार 24 जनवरी को सरकारी व निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्र, कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग तथा फार्मेसी कॉलेज भी बंद रहेंगे।
उप-मंडल दंडाधिकारियों बंजार एवं मनाली द्वारा अवगत कराया गया है कि लगातार हो रही भारी बर्फबारी के कारण कई क्षेत्र बर्फ से ढक गए हैं, जिससे सड़कों पर आवागमन अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गया है। इससे विद्यार्थियों, अध्यापकों तथा अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता है।
प्रशासन ने सभी विभागों व अधिकारियों को छात्रों एवं स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

No comments:
Post a Comment