आनी | 29 जनवरी।
डी०पी० रावत
अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़
हिमाचल प्रदेश के ज़िला कुल्लू के आनी क्षेत्र की जनता के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और राहत भरा साबित हुआ। करीब तीन वर्षों के लंबे इंतज़ार के बाद आनी के मुख्य बाजार में कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के एटीएम का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया।
ओल्ड बस स्टैंड के समीप स्थापित इस एटीएम के शुरू होते ही स्थानीय नागरिकों, किसानों, बागवानों और व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। अब लोगों को नकदी निकासी के लिए दूरदराज के क्षेत्रों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
बैंक के एटीएम प्रभारी सोमदेव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एटीएम 24 घंटे सेवाएं देगा, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आनी मुख्यालय में एटीएम सुविधा शुरू होना बैंकिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाएगा।
शुभारंभ अवसर पर बैंक शाखा प्रबंधक देवेंद्र ठाकुर सहित बैंक स्टाफ व क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर अंशुल सूद, अनामिका और रितिका एटीएम से नकदी निकालने वाले पहले ग्राहक बने और इस नई सुविधा की शुरुआत की।
बैंक प्रबंधन ने बताया कि कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक आम जनता के लिए कृषि ऋण, वाहन ऋण, दोपहिया ऋण सहित अनेक सुविधाएं कम ब्याज दरों पर उपलब्ध करवा रहा है। साथ ही अब बैंक की सेवाएं गूगल पे के माध्यम से भी शुरू हो चुकी हैं, जिससे डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने एटीएम सुविधा को आनी क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सुविधा आम आदमी के लिए समय, मेहनत और धन—तीनों की बचत करेगी।
आनी की जनता के लिए यह एटीएम नहीं, बल्कि सुविधा और आत्मनिर्भरता की नई शुरुआत है।

No comments:
Post a Comment