चंबा 10 दिसंबर 2025,
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित
समारोह में मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां का गर्मजोशी से स्वागत
वर्ष 2026 में मिल सकती है प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग द्रमण -सिंहुता-लाहडू-जोत-चम्बा को स्वीकृति
सिंहुता में 32 करोड़ से स्थापित की जा रही सीवरेज प्रणाली का कार्य दो बर्षों के भीतर होगा पूरा - कुलदीप सिंह पठानिया
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में पधारे मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का विद्यालय प्रशासन, स्कूली छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय जनता ने गर्म जोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर स्थानीय विधालय के विधार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि द्वारा शिक्षा, खेल तथा अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया।
समारोह में संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए नैतिक मूल्यों व रोजगार उन्मुखी शिक्षा का होना परम आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नैतिक शिक्षा केवल पुस्तकों में लिखे शब्दों तक ही सीमित नहीं है। नैतिकता से उत्पन्न ईमानदारी, परिश्रम, अनुशासन, सम्मान और सहानुभूति जैसे गुण ही हमें एक अच्छा नागरिक और अच्छा मनुष्य बनाते हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि तेज़ी से बदलती दुनिया में ज्ञान प्राप्त करना जितना आवश्यक है, उतना ही जरूरी है सही मूल्यों को अपनाते हुए कुरीतियों व सामाजिक बुराइयों से बचे रहना। उन्होंने कहा कि सफलता का वास्तविक अर्थ केवल सर्वाधिक अंक प्राप्त करना ही नहीं है बल्कि अपने माता–पिता, शिक्षकों तथा अपने बड़े बुजुर्गों का आदर करना और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझना है।
वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पिछले लगभग तीन वर्षों के दौरान शिक्षा विभाग में सुधार के दृष्टिगत कई सार्थक कदम उठाए गए हैं जिनके आने वाले समय में सार्थक नतीजे देखने को मिलेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अगले वित्त वर्ष से प्रदेश के लगभग 100 स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम आरंभ करने का निर्णय लिया है जिसके लिए जिला चंबा के 8 स्कूलों को शामिल किया गया है इनमें भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी, ककीरा तथा सिंहुता (तीन स्कूल) को शामिल किया गया है। इन सभी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई पाठ्यक्रम का अध्यापन आरंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि थुलेल में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में भटियात विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं इस विधानसभा क्षेत्र में गत अढ़ाई बर्षों के दौरान 35 ग्रामीण सड़कों के निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है जबकि लगभग 35 ग्रामीण संपर्क सड़कों का भूमि पूजन के पश्चात निर्माण कार्य आरंभिक चरण में है। उन्होंने बताया कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में लगभग 125 नई ग्रामीण सड़कों की आवश्यकता है जिन्हें सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात वर्ष 2027 के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में गत अढ़ाई वर्षों के दौरान लोक विभाग के माध्यम से 220 करोड रुपए विभिन्न विकास परियोजनाएं आरंभ की गई हैं जबकि जल शक्ति विभाग के माध्यम से भटियात विधानसभा क्षेत्र में लगभग 200 करोड़ रुपए अधिक खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 के अंत तक इस क्षेत्र में सड़क व पेयजल योजनाओं पर लगभग 500 करोड़ रुपए से अधिक राशि खर्च की जा रही है। विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने के संबंध में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति के सुदृढ़ीकरण पर 50 करोड रुपए खर्च किए जा रहे हैं क्षेत्र के ककरोटी घट्टा में एक 33 केवी का नया सबस्टेशन स्थापित किया जा रहा है जिससे आने वाले समय में इस क्षेत्र में सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जून 2026 तक सिंहुता- लाहड़ू डबल लेन सड़क पूरी तरह बनकर कर तैयार हो जाएगी। इसके अलावा सिंहुता में 3 करोड रुपए की लागत से जल शक्ति का विश्राम गृह बनाया जा रहा है जबकि तहसील मुख्यालय सिंहुता में मिनी सचिवालय भवन निर्माण के लिए औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। यही नहीं समोट में 20 करोड़ की लागत से 25 विस्तर का अस्पताल भवन बनाया जा रहा है।
कुलदीप सिंह पठानिया ने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने पांच बड़े राष्ट्रीय राजमार्गों के प्रस्ताव स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार के राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय को भेजे हैं। जिसमें प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग द्रमण - सिंहुता-लाहडू-जोत- चम्बा भी शामिल है उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के अंत तक द्रमण - सिंहुता-लाहडू-जोत- चम्बा को संभवतः स्वीकृति मिल जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सामरिक महत्व के इस एनएच पर कई सुरंगें व फ्लाईओवर बनने से द्रमण से चंबा की दूरी कम होगी जिसके परिणाम स्वरूप द्रमण से चंबा पहुंचने में लगभग 1 घंटे का समय लगेगा। उन्होंने बताया कि सिंहुता में 32 करोड़ से स्थापित की जा रही सीवरेज प्रणाली का कार्य भी अगले दो बर्षों के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा।
उन्होंने वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के आयोजन के लिए स्कूल प्रशासन, विधार्थियों तथा अभिभावकों को बधाई दी तथा स्कूल की निरंतर उन्नति व वेहतरी के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने शिक्षा तथा खेल गतिविधियों के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के अलावा वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया। विधानसभा अध्यक्ष ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए रावमा विद्यालय हटली को 31 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने स्थानीय विधालय तथा स्थानीय लोगों की सभी मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।
इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटली में 13.60 लाख रूपये की लागत से नवनिर्मित परीक्षा हाल का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत आगाज़ किया। स्थानीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा इस अवसर पर अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। समारोह में स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य किशोरी लाल ने मुख्य अतिथि व आए हुए सभी मेहमानों का व स्वागत किया। उन्होंने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विधालय की शैक्षणिक, खेलकूद तथा अन्य उपलब्धियों बारे विस्तृत जानकारी देते विद्यालय से संबंधित मांगे भी रखी।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य वन निगम के निदेशक कृष्ण चंद चेला, ग्राम पंचायत हटली के प्रधान शेर सिंह व उप प्रधान रीता देवी, एसडीएम पारस अग्रवाल, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, अधिशासी अभियंता लोनिवि नरेंद्र चौधरी, जल शक्ति राकेश ठाकुर, एचपीएसईबीएल पंकज ठाकुर, डीएसपी चुवाड़ी शेर सिंह, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, स्थानीय विधालय के प्रधानाचार्य किशोरी लाल व स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मोहिंद्र सिंह, सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील शर्मा के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
Best Digital Marketing Services – Click Here




No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.