डी पी रावत
अखण्ड भारत दर्पण न्यूज
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा है कि केंद्र सरकार ने हर आपदा की घड़ी में हिमाचल प्रदेश की भरपूर सहायता की है। अब तक प्रदेश को 5800 करोड़ रुपये से अधिक की राहत राशि मिल चुकी है, जो इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल के साथ मजबूती से खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र सरकार की आभारी है, जिसने आपदा के समय हिमाचल का हाथ कभी नहीं छोड़ा।
सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के लिए किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी। वर्ष 2023 की भीषण प्राकृतिक आपदा हो या वर्ष 2025 में आई आपदाएं, केंद्र सरकार ने त्वरित निर्णय लेते हुए राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए उदारतापूर्वक सहायता प्रदान की है।
उन्होंने बताया कि वर्ष के अंत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के लिए केंद्र से राहत भरी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने आपदा राहत एवं पुनर्वास के लिए 601.92 करोड़ रुपये की दूसरी किश्त जारी कर दी है। इस संबंध में ऑफिस मेमोरेंडम भी जारी कर दिया गया है तथा भारतीय रिजर्व बैंक को यह राशि तुरंत राज्य सरकार के खजाने में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सांसद कश्यप ने कहा कि यह राशि पोस्ट डिजास्टर नीड असेसमेंट (PDNA) के तहत नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड की रिकवरी एंड रीकंस्ट्रक्शन विंडो से जारी की गई है। यह 601.92 करोड़ रुपये की दूसरी किश्त है। इससे पहले केंद्र सरकार हिमाचल को 400 करोड़ रुपये से अधिक की पहली किश्त जारी कर चुकी है। वर्ष 2023 की आपदा के बाद केंद्रीय टीम द्वारा PDNA के तहत हिमाचल में 9300 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का आकलन किया गया था, जिसके आधार पर केंद्र सरकार ने कुल 1504.80 करोड़ रुपये की सहायता को मंजूरी दी थी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 की आपदा में प्रदेश में 500 से अधिक लोगों की जान गई थी और सरकारी व निजी संपत्ति को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ था। वहीं वर्ष 2025 में भी आपदाओं के कारण हजारों लोग प्रभावित हुए और 454 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई, जिनमें बड़ी संख्या सड़क हादसों, बाढ़ और भूस्खलन से संबंधित रही।
सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के लिए इस वर्ष भी 1500 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता की घोषणा की है और सितंबर माह में स्वयं हिमाचल का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि PDNA के तहत जारी यह दूसरी किश्त प्रदेश में चल रहे पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण कार्यों को गति प्रदान करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि जहां एक ओर कांग्रेस सरकार केवल केंद्र सरकार पर आरोप लगाने की राजनीति करती रही है, वहीं दूसरी ओर सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार ने हिमाचल की हर आपदा में खुलकर मदद की है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवेदनशील नेतृत्व और भाजपा सरकार की हिमाचल प्रदेश के प्रति प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।
Best Digital Marketing Services – Click Here


No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.