तीर्थन घाटी के झनियार गांव के अग्निपीड़ितों को मिल रही निरंतर सहायता - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Sunday, December 14, 2025

    तीर्थन घाटी के झनियार गांव के अग्निपीड़ितों को मिल रही निरंतर सहायता

     खेलकूद एवं पर्यटन विकास समिति शिल्ही ने 21 हजार रुपये की राहत राशि सौंपी

    परस राम भारती 

    अखण्ड भारत दर्पण न्यूज़ 

    तीर्थन घाटी/गुशैणी (बंजार)


     जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार अंतर्गत तीर्थन घाटी के झनियार गांव में हाल ही में हुई आगजनी की घटना से प्रभावित 16 परिवारों की मदद के लिए सामाजिक संगठनों का सहयोग लगातार जारी है। इसी क्रम में खेलकूद एवं पर्यटन विकास समिति शिल्ही ने अग्निपीड़ितों की राहत एवं पुनर्वास के लिए 21 हजार रुपये की सहायता राशि चेक के माध्यम से प्रदान की।



    समिति की ओर से यह सहायता राशि ग्राम स्तर पर प्रतिनिधियों के माध्यम से प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई गई। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना समाज का नैतिक दायित्व है और आगे भी यथासंभव सहयोग जारी रखा जाएगा।


    उल्लेखनीय है कि खेलकूद एवं पर्यटन विकास समिति शिल्ही भींडी थाच स्टेडियम में प्रतिवर्ष शहीद लगन चंद मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करती है, जिसमें सौ से अधिक टीमें भाग लेती हैं। प्रतियोगिता से होने वाली कुल आय का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा समिति समाज सेवा एवं जरूरतमंदों की सहायता पर खर्च करती है।


    झनियार गांव के ग्रामीणों ने इस सहयोग के लिए समिति के मुख्य सलाहकार एवं ग्राम पंचायत के उपप्रधान मोहर सिंह सहित पूरी समिति का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की सहायता से आपदा पीड़ित परिवारों को नई उम्मीद और संबल मिलता है।

    No comments:

    Post a Comment