डी पी रावत
अखण्ड भारत दर्पण न्यूज
आनी। उपमंडल मुख्यालय आनी में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत शुक्रवार को जिला स्तरीय वॉटर शेड महोत्सव बड़े धूमधाम से आयोजित किया गया। रानी बेहड़ा मेला मैदान में हुए इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, महिला मंडल, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ तथा स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन विकास खंड आनी और निरमंड के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में एडीसी कुल्लू अश्वनी कुमार मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट, डीपीओ कुल्लू दयाराम ठाकुर, बीडीओ आनी विद्या चौहान, बीडीओ निरमंड नरेश कुमार, बीडीसी चेयरपर्सन विजय कंवर, जिला परिषद सदस्य जीवन ठाकुर सहित कई पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
स्कूली बच्चों और महिला मंडलों ने रंगारंग प्रस्तुतियों व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जल संरक्षण और सरकारी योजनाओं का संदेश दिया। स्वयं सहायता समूहों ने अपनी प्रदर्शनियों के माध्यम से वाटर शेड विकास कार्यों की जानकारी प्रदर्शित की।
मुख्यातिथि एडीसी अश्वनी कुमार ने अपने संबोधन में बढ़ते जल संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए वाटर शेड कार्यक्रम को ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण की मजबूत दिशा बताया। उन्होंने कहा कि वर्षा जल संग्रह, ढलानों पर हरियाली बढ़ाना, छोटे चेकडैम बनाना और जल स्रोतों के पुनरुद्धार से आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और पंचायतों को सम्मानित किया गया। वाटर शेड गतिविधियों में जिला स्तर पर ग्राम पंचायत खणी प्रथम, ग्राम पंचायत खरगा द्वितीय तथा फनौटी तृतीय स्थान पर रही।
मंच संचालन रश्मि ठाकुर ने किया, जबकि अंत में पंचायत निरीक्षक आनी जोगिंद्र शर्मा ने सभी विशिष्ट अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अंजना शर्मा, विनोद कटोच, चुन्नी लाल ठाकुर, सुशीला कुमारी, गुनगुन, पूजा शर्मा, शबनम चौहान सहित विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Best Digital Marketing Services – Click Here


No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.