परवाणू, ढली और नेरवा से होगी शुरुआत, निगम की आय बढ़ाने की कवायद
हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचआरटीसी) अब अपने पेट्रोल पंपों से आम जनता को भी पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराएगा। इसके लिए तेल कंपनियों से बातचीत लगभग पूरी हो चुकी है। अगले महीने से इस योजना की शुरुआत की जाएगी।
पहले चरण में निगम ने चार स्थानों पर यह सुविधा शुरू करने का फैसला लिया है। इनमें परवाणू, ढली और नेरवा के पेट्रोल पंप शामिल हैं, जबकि चौथे पंप को लेकर विचार चल रहा है। इन स्थानों पर पेट्रोल पंप सीधे सड़क के किनारे बने हैं, जिससे निजी वाहन मालिक भी आसानी से ईंधन भरवा सकेंगे।
वर्तमान में अधिकांश एचआरटीसी पेट्रोल पंप डिपो के अंदर बने हैं, जहां आम लोगों की पहुंच संभव नहीं है और केवल निगम के वाहन ही ईंधन भरवा पाते हैं। अब सड़क से सटे पंपों पर आम जनता को भी सुविधा मिलेगी।
एचआरटीसी की आर्थिक स्थिति पिछले कुछ समय से बेहद खराब चल रही है। आपदा और अन्य कारणों से निगम को करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ा है। कर्मचारियों की देनदारी समय पर चुकाना भी निगम के लिए मुश्किल हो गया है। ऐसे में निगम अपनी आय बढ़ाने के लिए लगातार नए संसाधनों की तलाश कर रहा है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी निगम को आर्थिक तंगी से बाहर निकालने का लक्ष्य रखा है। वे लगातार अधिकारियों से चर्चा कर निगम को मजबूत बनाने की रणनीति बना रहे हैं। वहीं, उप मुख्यमंत्री भी इस दिशा में प्रयासरत हैं।
एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि निगम का मकसद केवल अपनी कमाई को बढ़ाना और उसे पांव पर खड़ा करना है। पहले चरण की सफलता के बाद निगम अन्य डिपो में भी पेट्रोल पंपों की लोकेशन बदलकर आम जनता को यह सुविधा देने पर विचार करेगा।
Best Digital Marketing Services – Click Here

No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.