मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लंदन स्थित हाउस ऑफ लॉर्डस को संबोधित करने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री बनकर इतिहास रच दिया। मंगलवार सायं इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम द्वारा आयोजित शिखर सम्मेलन में मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपना मुख्य भाषण दिया और वैश्विक निवेशकों को हिमाचल प्रदेश में निवेश की अपार संभावनाओं से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा, पर्यटन, बाग़वानी, सूचना प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए अत्यंत आकर्षक गंतव्य है। उन्होंने प्रदेश की 100 प्रतिशत साक्षरता दर और विश्वभर के पर्यटकों के लिए हिमाचल को हर मौसम में पसंदीदा गंतव्य बनाने की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।
सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘व्यवस्था परिवर्तन से आत्मनिर्भर हिमाचल’ के संकल्प पर कार्य कर रही है। यह सिर्फ नारा नहीं बल्कि प्रदेशवासियों के सहयोग से साकार की जा रही दृष्टि है। उन्होंने बताया कि हिमाचल देश में जलविद्युत और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और अब स्वास्थ्य, जैविक उत्पादों, डेटा भंडारण, खाद्य प्रसंस्करण, फूल और सब्जियों की खेती जैसे क्षेत्रों में भी निवेश के नए अवसर खुल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल का सेब वैश्विक ब्रांड बन चुका है और राज्य अब उच्च मूल्य वाली फसलों और प्राकृतिक खेती में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यूरोपीयन निवेशकों से प्रदेश में निवेश करने और साझा मूल्यों पर आधारित साझेदारी स्थापित करने का आह्वान किया।
इसी अवसर पर इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम ने मुख्यमंत्री सुक्खू को ‘लीडरशिप एंड गवर्नेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया। समारोह में आईईबीएफ के संस्थापक विजय गोयल, लॉर्ड डेविड इवांस, मंत्री कनिष्क नारायण, मंत्री सीमा मल्होत्रा, घाना से हिज़ एक्सीलेंसी सैमुअल महामा, श्रीलंका के पूर्व विदेश मंत्री और उच्चायुक्त डॉ. रोहितगा समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Best Digital Marketing Services – Click Here

No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.