डी० पी० रावत। निरमण्ड,9 सितंबर।
उप मण्डल निरमंड के शमारनी गांव में सोमवार तड़के करीब 2 बजे पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। भूस्खलन इतना भीषण था कि गांव के पीछे से गिरी चट्टानों और मलबे ने दो मकानों को पूरी तरह ढहा दिया। मकानों में सो रहे कुल आठ लोग मलबे में दब गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचित किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने सुबह तक लगातार अभियान चलाकर मलबे से पांच शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान ब्रेस्ती देवी (50), चुनी लाल (32), अंजू देवी (25), भूपेश (5) और कुमारी जागृति (8) के रूप में हुई है। वहीं शिव राम (52), धर्म दास (48) और कला देवी (45) घायल हुए हैं।
एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह के निर्देश पर प्रशासन ने गांव के अन्य भवनों को एहतियातन खाली करवा दिया है। प्रभावित परिवारों को रहने और खाने की तत्काल व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये, घायलों को 5-5 हजार रुपये, तथा क्षतिग्रस्त भवनों के लिए 10-10 हजार रुपये फौरी राहत राशि दी है। कुल मिलाकर 1.60 लाख रुपये की सहायता दी गई।
डीएसपी चंद्रशेखर कायथ, एसडीएम मनमोहन सिंह सहित पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर डटी रहीं। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Best Digital Marketing Services – Click Here

No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.