हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की निरमंड तहसील के शमारनी गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। पहाड़ी से आए भूस्खलन में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब 1:30 बजे उस समय हुआ जब परिवार गहरी नींद में था और पहाड़ से गिरी चट्टानें व मलबा सीधे उनके घर पर आ गिरा।
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान 50 वर्षीय ब्रेसती देवी (पत्नी शिव राम), उनका बेटा चुन्नी लाल (32), बहू अंजू देवी (25) और दो मासूम बच्चे भूपेश (5) व जागृति (8) के रूप में हुई है। यह पांचों एक साथ सो रहे थे। मंगलवार को राहत व बचाव दल ने घंटों की मशक्कत के बाद शवों को मलबे से बाहर निकाला।
बुधवार को गांव में गमगीन माहौल के बीच पांचों शवों का अंतिम संस्कार किया गया। घर से एक साथ पांच अर्थियां उठते देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। परिवार के सदस्य श्याम लाल ने सभी शवों को मुखाग्नि दी।
इस हादसे में तीन लोग घायल भी हुए हैं—शिव राम (52), धर्म दास (48) और कला देवी (45)। सभी घायलों का इलाज रामपुर के खनेरी अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घाटू पंचायत के प्रधान भोगाराम ने बताया कि इस त्रासदी से पूरा गांव सदमे में है। दो दिनों तक किसी भी घर में चूल्हा नहीं जला। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं की गंभीरता और वहां रहने वाले लोगों की असुरक्षा को उजागर करता है।
Best Digital Marketing Services – Click Here

No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.