अखण्ड भारत दर्पण (ABD) News

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


विज्ञापन

सुक्खू सरकार में सत्ता संघर्ष चरम पर, सचिवालय बना रणभूमि : डॉ. राजीव बिंदल

 कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई में पिस रही जनता, कानून-व्यवस्था चरमराई

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश इस समय अभूतपूर्व और गंभीर परिस्थितियों से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल, दिशाहीन और आपसी कलह में उलझ चुकी है। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्री एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने में व्यस्त हैं, जिससे शासन व्यवस्था ठप हो गई है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश का सचिवालय, जहां से जनहित में निर्णय होने चाहिए, आज रणभूमि में तब्दील हो चुका है। एक मंत्री दूसरे मंत्री को कोस रहा है, मंत्री अधिकारी वर्ग पर दोषारोपण कर रहे हैं और प्रशासन राजनीतिक दबाव में असहाय स्थिति में कार्य कर रहा है। सरकार और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बन चुकी है, जिससे अधिकारी वर्ग पूरी तरह हतोत्साहित हो गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस अंदरूनी सत्ता संघर्ष का सबसे बड़ा खामियाजा प्रदेश की जनता भुगत रही है। जनता असुरक्षित महसूस कर रही है, जबकि सरकार के नेता सत्ता की लड़ाई में उलझे हुए हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल के 70 वर्षों के इतिहास में ऐसी अराजक स्थिति पहले कभी देखने को नहीं मिली, जहां मंत्री और कांग्रेस नेता पूरी तरह स्वच्छंद होकर केवल अपने हित साधने में लगे हों।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जब सरकार अपनी नाकामियों पर घिरती है, तो कभी एक मंत्री दूसरे पर जिम्मेदारी डालता है और जब बात नहीं बनती तो भारतीय जनता पार्टी या केंद्र सरकार पर दोष मढ़ दिया जाता है। उन्होंने इसे कांग्रेस की पुरानी और विफल राजनीतिक रणनीति बताया।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी डिमोरलाइज हैं, नशे और चिट्टे का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है, विकास कार्य ठप पड़े हैं और सरकारी संस्थान बेलगाम हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार नैतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से शासन करने का अधिकार खो चुकी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की जनता की आवाज बनकर इस अव्यवस्था, अराजकता और सरकार की विफलताओं के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

Post a Comment