बिपिन ओझा
प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश
अखण्ड भारत दर्पण न्यूज़
जिला कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ द्वारा शुक्रवार को जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर मनरेगा और ग्रामीण गरीबों के अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब और गांधी की विचारधारा को खत्म करने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि मनरेगा कोई दया योजना नहीं, बल्कि कानून द्वारा प्रदत्त रोजगार की गारंटी है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार मिला, पलायन रुका और महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया VB GRAM G कानून मनरेगा के अधिकार आधारित स्वरूप को समाप्त करने की साजिश है।
उन्होंने कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि VB GRAM G कानून को तुरंत वापस लिया जाए, मनरेगा को पूर्ण अधिकार आधारित कानून के रूप में बहाल किया जाए तथा काम के अधिकार और पंचायतों के संवैधानिक अधिकारों को पुनः स्थापित किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन्हीं मांगों को लेकर पार्टी 10 जनवरी से 25 फरवरी 2026 तक देशव्यापी “मनरेगा बचाओ संग्राम” चला रही है। इस दौरान पंचायत से लेकर संसद तक आंदोलन किया जाएगा।
जिला उपाध्यक्ष एवं पीसीसी सदस्य डॉ. प्रशान्त देव शुक्ल, मनरेगा कोऑर्डिनेटर रवि भूषण सिन्हा और जिला प्रवक्ता एडवोकेट मासूम हैदर ने आंदोलन के चरणबद्ध कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक होगा, जिसमें मजदूर, पंचायत प्रतिनिधि और रोजगार सेवक भाग लेंगे।
प्रेस वार्ता में कोषाध्यक्ष वेदान्त तिवारी, नगर अध्यक्ष मो. इस्तियाक, जिला उपाध्यक्ष रामशिरोमणि वर्मा, जिला सचिव विजय प्रताप त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता सुरेश मिश्र, जिला महासचिव चन्द्रनाथ शुक्ल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Best Digital Marketing Services – Click Here


No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.