Wednesday, February 25, 2026
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में रामपुर में CPM का प्रदर्शन।
अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़ : सीपीएम लोकल कमेटी रामपुर ने पार्टी की केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर अमेरिका- भारत व्यापार समझौते और देश की संप्रभुता पर कथित हमले के विरोध में बुधवार को रामपुर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से समझौते का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीपीएम लोकल कमेटी सचिव कुलदीप सिंह, रणजीत ठाकुर, प्रेम चौहान, राजपाल, मिलाप नेगी, देविंदर व हितेश भारती ने आरोप लगाया कि अमेरिका अपनी साम्राज्यवादी नीतियों के तहत अन्य देशों पर आर्थिक व सामरिक दबाव बना रहा है। वक्ताओं ने कहा कि हाल ही में सामने आ रहे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था, कृषि और राष्ट्रीय संप्रभुता के लिए गंभीर चुनौती बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र में उपलब्ध जानकारी के अनुसार भारत सरकार ने अमेरिका से फलों, कपास, मेवों, सोयाबीन तेल सहित कुछ कृषि उत्पादों पर शून्य टैरिफ की सहमति जताई है, जिससे देश के सेब उत्पादकों, कपास और सोया किसानों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। वक्ताओं ने दावा किया कि गैर-टैरिफ बाधाओं को हटाने से भारतीय किसानों को सब्सिडी प्राप्त अमेरिकी उत्पादों से प्रतिस्पर्धा करनी पड़ेगी, जिससे कृषि क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में सेब उत्पादक पहले से ही बाहरी प्रतिस्पर्धा से जूझ रहे हैं। ऐसे में यह समझौता किसानों की समस्याओं को और बढ़ा सकता है।
सीपीएम नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि किसी भी ऐसे समझौते पर हस्ताक्षर न किए जाएं जो श्रमिकों, किसानों और आम जनता के हितों के प्रतिकूल हों तथा समझौते का विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए।
Tags
# हिमाचल प्रदेश दर्पण
About कमल जीत शीमार,ऑनलाइन डेस्क ब्यूरो।
हिमाचल प्रदेश दर्पण
Tags
हिमाचल प्रदेश दर्पण
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।
No comments:
Post a Comment