अखण्ड भारत दर्पण हिमाचल प्रदेश (ABD) न्यूज़ (कमल जीत शीमार ऑनलाइन डेस्क ब्यूरो (ABD) न्यूज) : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में नियुक्त एक सहायक प्रोफेसर के शैक्षणिक प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया के तहत जमा दस्तावेजों के नियमित सत्यापन के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ज्ञान सिंह सागर की शिकायत पर पुलिस थाना बालूगंज में मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार लोक प्रशासन विभाग में कार्यरत सहायक प्रोफेसर विजय सिंह को 28 सितंबर 2024 को नियुक्ति पत्र जारी किया गया था। नियुक्ति के समय उन्होंने अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र विश्वविद्यालय में जमा करवाए थे, जिनमें स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबंधित प्रमाणपत्र भी शामिल थे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने 18 फरवरी 2025 को नियुक्ति प्रक्रिया के तहत जमा दस्तावेजों का संबंधित स्कूल शिक्षा बोर्ड से सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि सहायक प्रोफेसर द्वारा प्रस्तुत स्कूल स्तर के प्रमाणपत्र फर्जी हैं और बोर्ड के रिकॉर्ड में ऐसे किसी भी प्रमाणपत्र का कोई उल्लेख नहीं है।
इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की आंतरिक जांच कर प्रारंभिक तथ्यों को संकलित किया और पूरी रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(2), 336(3) और 340(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान दस्तावेजों की प्रामाणिकता, नियुक्ति प्रक्रिया में अपनाई गई प्रक्रियाओं और अन्य संबंधित पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि फर्जी प्रमाणपत्र किस स्तर पर तैयार किए गए और इस पूरे प्रकरण में किसी अन्य व्यक्ति या एजेंसी की भूमिका तो नहीं रही।