बंजार,7 मार्च (परस राम भारती):
अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़।
रिटायर्ड कैप्टन किशन सिंह फिर बने अध्यक्ष, पर्यटन प्रबंधन और अव्यवस्थाओं को सुधारना नई टीम की सबसे बड़ी जिम्मेदारी।
जिला कुल्लू के बंजार क्षेत्र की प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जिभी वैली में पर्यटन गतिविधियों को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से जिभी वैली पर्यटन विकास संघ की नई कार्यकारिणी का गठन निर्विरोध कर दिया गया है। हालांकि चुनाव बिना मुकाबले के संपन्न हो गया, लेकिन क्षेत्र में बढ़ती पर्यटकों की संख्या, अव्यवस्थित पार्किंग, कचरा प्रबंधन और जर्जर सड़कों जैसी समस्याएं नई टीम के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ी हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त संदीप कंवर और चुनाव अधिकारी जगदीश चंद ने चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सभी पदों के लिए केवल एक-एक नामांकन पत्र प्राप्त हुआ, जिसके कारण किसी भी पद पर मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और पूरी कार्यकारिणी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
नई टीम में रिटायर्ड कैप्टन किशन सिंह को लगातार दूसरी बार संगठन की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा टोपेंद्र ठाकुर को उपाध्यक्ष, लाल सिंह को कोषाध्यक्ष और खेम वर्मा को जॉइंट सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। विस्तारित कार्यकारिणी में ललित ठाकुर को चीफ सेक्रेटरी, जगदीश चंद को जनरल सेक्रेटरी एवं प्रवक्ता, गौरव शर्मा को जॉइंट सेक्रेटरी, ऐलु राम को सीनियर उपाध्यक्ष तथा अंकित सूद को सीनियर कंसल्टेंसी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही संदीप कंवर और पदम सिंह को सीनियर एडवाइजर, जय सिंह को बिजनेस डेवलपर, एडवोकेट विनय डोगरा को लीगल एडवाइजर, दूनी चंद को मीडिया प्रभारी तथा मनदीप ठाकुर और ब्रिज मोहन को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कैप्टन किशन सिंह ने कहा कि आने वाले पर्यटन सीजन को देखते हुए जिभी क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करना, कूड़ा प्रबंधन को प्रभावी बनाना और पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को संतुलित तरीके से प्रबंधित करना संगठन की प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में चल रही सभी पर्यटन एवं व्यावसायिक इकाइयों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा, ताकि पर्यटन गतिविधियां व्यवस्थित और टिकाऊ बन सकें।
हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि नेशनल हाईवे-305 की खराब हालत क्षेत्र के पर्यटन और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो अप्रैल माह तक इस मुद्दे को लेकर बड़ा आंदोलन भी किया जा सकता है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को नई कार्यकारिणी से काफी उम्मीदें हैं। अब देखना यह होगा कि निर्विरोध बनी यह टीम जिभी और आसपास के पर्यटन स्थलों को अव्यवस्था से निकालकर एक व्यवस्थित और टिकाऊ पर्यटन मॉडल में बदलने में कितनी सफल होती है।
Best Digital Marketing Services – Click Here
No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.