डीएसपी राजीव मेहता बोले—महिलाएं समाज की रीढ़, उनके बिना विकास संभव नहीं
डी. पी. रावत
9 मार्च 2026,आनी
अखण्ड भारत दर्पण
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश तथा बाल विकास परियोजना आनी के तत्वावधान में आनी उपमंडल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में डीएसपी आनी राजीव मेहता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और छात्राओं ने पहाड़ी गीत, जती, नाटक और कविताओं के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में महिलाओं की शक्ति, संघर्ष और समाज में उनकी अहम भूमिका को दर्शाया गया।
मुख्य अतिथि डीएसपी राजीव मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और उनके बिना किसी भी समाज की प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, खेल, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। हिमालयन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा वंशिका ठाकुर को प्रतियोगिता में भाग लेकर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए सोशल वर्कर सीमा शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं में उमा देवी (संपल), शिक्षा देवी (जौह), फुल्लू देवी (जाखानाली), लता देवी (कंडा), सुमिता देवी (शुश), निक्की (करशाला), सीता (लोअर टिपरी) और शीला (कश्माल) को सम्मानित किया गया। इसके अलावा आंगनवाड़ी सहायिकाओं में रीमा देवी, डोलमा देवी, कृष्णा देवी, राज कुमारी, भीमा देवी, सत्या देवी, सीता देवी और बबली देवी को भी उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। आशा वर्कर के रूप में बेहतर कार्य करने के लिए नीमा देवी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर सीडीपीओ विपाशा भाटिया ने महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर अपने विचार रखते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण से ही समाज का समग्र विकास संभव है।
कार्यक्रम में डॉ. प्रियंका, सहायक प्राचार्य राधिका नेगी, अंजना शर्मा, अक्षय, आशा, स्नेह लता, शकुंतला, पुष्पा सहित कई गणमान्य लोग और महिलाएं उपस्थित रहीं।





No comments:
Post a Comment