प्रतापगढ़/उत्तर प्रदेश,18 मार्च।
विपिन ओझा, संवाददाता।
अखण्ड भारत दर्पण(ABD) न्यूज़।
सदर विधानसभा क्षेत्र के पारा हमीदपुर गांव में मां और उसके मासूम बेटे की निर्मम हत्या ने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया है। यह दिल दहला देने वाली घटना न केवल मानवता को शर्मसार करती है, बल्कि प्रदेश की कानून- व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने इसे “प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का भयावह चेहरा” बताया। उनके नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा, जहां उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और अंतिम यात्रा में शामिल होकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
परिवारजनों ने इस जघन्य हत्याकांड की निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की मांग की है। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए डॉ. त्रिपाठी ने राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी से वार्ता की। सांसद ने आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर मामले की CBI जांच की मांग उठाएंगे।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
डॉ. त्रिपाठी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध बेलगाम हो चुके हैं। “हर दिन हत्या, लूट और आपराधिक घटनाएं आम हो गई हैं, जिससे स्पष्ट है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार नियंत्रण खो चुकी है।”
उन्होंने पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग दोहराई और कहा कि न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
ABD न्यूज़ की पड़ताल:
यह घटना एक बार फिर इस सवाल को जन्म देती है कि क्या आम नागरिक अब सुरक्षित नहीं है? क्या प्रशासनिक तंत्र अपराधियों के सामने कमजोर पड़ता जा रहा है? अंत में, दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
Best Digital Marketing Services – Click Here