डी० पी० रावत।
आनी (कुल्लू), 9 मार्च।
अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़ : जनविरोधी नीतियों और कानूनों के खिलाफ सीपीआई(एम) द्वारा आनी क्षेत्र में 23 मार्च तक जनसंघर्ष अभियान चलाया जाएगा। पार्टी नेताओं के अनुसार केंद्र की एनडीए सरकार की नीतियां किसानों और मजदूरों के अधिकारों तथा उनकी आजीविका पर लगातार प्रहार कर रही हैं। सी. पी. आई (एम) लोकल कमेटी सदस्य पदम प्रभाकर ने बताया कि सरकार द्वारा बनाए जा रहे कई कानून और नीतियां देशी-विदेशी कंपनियों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं, जिससे आम जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों में बदलाव कर बनाए गए चार श्रम कोड, प्रस्तावित बिजली संशोधन विधेयक, और बढ़ते टैरिफ आम लोगों पर सीधा आर्थिक बोझ डालने वाले कदम हैं। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय दबाव में काम कर रही है और देश के किसानों के हितों की अनदेखी हो रही है। विशेष रूप से हिमाचल के सेब उत्पादकों को विदेशी सेबों के आयात से नुकसान हो रहा है। उनका कहना है कि विदेशी सेबों पर नियंत्रण न होने के कारण प्रदेश के सेब बागवानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
इस मुद्दे को लेकर 12 मार्च को जनसंघर्ष जत्था आनी पहुंचेगा, जिसमें शिमला जिला के ठियोग क्षेत्र के पूर्व विधायक राकेश सिंघा भी शामिल होंगे। इस दौरान किसानों की जमीन से जुड़े मुद्दों, स्मार्ट मीटर योजना और अन्य जनसमस्याओं को लेकर ग्रामीण स्तर पर जनसंघर्ष अभियान चलाया जाएगा। सीपीआई(एम) नेताओं ने बताया कि आनी क्षेत्र की विभिन्न जन- समस्याओं को लेकर एसडीएम आनी को मांग पत्र भी सौंपा जाएगा। साथ ही आम जनता, किसानों और मजदूरों से जनसंघर्ष जत्थे में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की गई है। पार्टी के अनुसार 24 मार्च को सैकड़ों किसान और मजदूर दिल्ली कूच करेंगे, जहां केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
Best Digital Marketing Services – Click Here
No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.