“बंजार-सैंज में आपदा पीड़ितों को बड़ी राहत: विशेष पैकेज-2025 से 900 से अधिक परिवारों के खातों में पहुँची 14 करोड़ से अधिक सहायता” - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Sunday, March 8, 2026

    “बंजार-सैंज में आपदा पीड़ितों को बड़ी राहत: विशेष पैकेज-2025 से 900 से अधिक परिवारों के खातों में पहुँची 14 करोड़ से अधिक सहायता”

    बंजार,8 मार्च (परस राम भारती), अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़ : वर्ष 2025 में बरसात के दौरान बंजार विधानसभा क्षेत्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को अब राहत मिलनी शुरू हो गई है। भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण क्षेत्र के कई गांवों में मकान पूरी तरह तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे, वहीं अनेक स्थानों पर भूमि धंसने के साथ कृषि और बागबानी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा था।

    प्रभावित परिवारों की सही पहचान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा तहसील बंजार और सैंज में त्रि-सदस्यीय सर्वेक्षण समिति का गठन किया गया था। इस समिति में पंचायत सचिव, पटवारी और कनिष्ठ अभियंता शामिल थे, जिन्होंने विशेष राहत पैकेज-2025 के निर्धारित मानदंडों के अनुसार प्रभावित परिवारों का विस्तृत सर्वेक्षण कर पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार की।

    उपमंडल प्रशासन बंजार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार प्राकृतिक आपदा में पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 322 परिवारों को 8 करोड़ 70 लाख रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 611 परिवारों को 5 करोड़ 38 लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।

    वहीं भूमि धंसाव तथा कृषि एवं बागबानी फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए 828 पात्र परिवारों को 23 लाख 26 हजार रुपये की राहत राशि जारी की गई है।
    प्रशासन के अनुसार यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है और सभी पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की गई है, ताकि राहत समय पर प्रभावित परिवारों तक पहुंच सके।

    उपमंडल अधिकारी (नागरिक) बंजार पंकज शर्मा ने बताया कि आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाई गई है। साथ ही भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए क्षेत्र में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है।

    No comments:

    Post a Comment

    Thanks for contact us. We will contact you shortly.