(बकलोह/चंबा) : उपमंडल भटियात के जंद्राह गांव में युवती सिमरन द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में चंबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मृतका सिमरन के सुसाइड नोट और उसकी मां के बयानों के आधार पर परिवार के ही तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में अरुण शर्मा (59), उनकी पत्नी तपस्या (44) और रशेल (20) को हिरासत में लिया है। इन तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सुसाइड नोट में छलका मां का दर्द
जांच के दौरान पुलिस को सिमरन का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी मौत की वजह संपत्ति विवाद और अपनी मां के साथ होने वाली मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना को बताया है। सिमरन ने नोट में भावुक होते हुए लिखा कि वह अपनी मां का दर्द और उनके साथ होने वाली मारपीट नहीं देख पा रही है, इसलिए वह यह खौफनाक कदम उठा रही है।
15 साल पहले हुई थी पिता की मृत्यु
मृतका की मां सरोज कुमारी ने बताया कि सिमरन के पिता की मृत्यु 15 साल पहले हो चुकी थी। घर में तीन बेटियां थीं, जिनमें सिमरन मंझली थी। आरोप है कि संपत्ति को लेकर आरोपी अक्सर उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट करते थे। इस विवाद को लेकर अप्रैल माह के मध्य में पुलिस में शिकायत भी की गई थी, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला थमा नहीं।
टांडा मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम चंबा से भूषण गुरुंग की रिपोर्ट
No comments:
Post a Comment