“कुमारसेन का व्यक्ति 1 किलो 256 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार, ₹1 लाख नकदी भी बरामद” - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Tuesday, April 7, 2026

    “कुमारसेन का व्यक्ति 1 किलो 256 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार, ₹1 लाख नकदी भी बरामद”

     🖋️ नूरपुर (कांगड़ा), 7 अप्रैल।

    अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़


    हिमाचल प्रदेश में चल रहे नशामुक्त अभियान के तहत कांगड़ा जिले की नूरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कंडवाल पुलिस चौकी की टीम ने नाकेबंदी के दौरान एक क्रेटा कार से सवा किलो से अधिक चरस और एक लाख रुपये नकद बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

    जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9 बजे मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर कंडवाल पुलिस टीम नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जसूर की ओर से आ रही काले रंग की क्रेटा कार (HP-25C-6008) को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक घबरा गया और वाहन को पीछे मोड़ने का प्रयास करने लगा, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

    गवाहों की मौजूदगी में जब कार की तलाशी ली गई तो डिग्गी में स्पेयर टायर के नीचे छिपाए गए बैग से 1 किलो 256 ग्राम चरस बरामद हुई। बैग की जेब से एक लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।

    गिरफ्तार आरोपी की पहचान 52 वर्षीय राज कुमार निवासी तहसील कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कुल्लू-मनाली क्षेत्र में एक ढाबा संचालित करता है।

    नूरपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तस्करी में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ के दौरान इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है।

    No comments:

    Post a Comment