- अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Thursday, April 9, 2026

     रामपुर बुशहर, 9 अप्रैल।

    अखण्ड भारत दर्पण (ABD )न्यूज़ 

    बिथल स्थित अडानी एग्री फ्रेश के सी-स्टोर के बाहर मजदूरों का विरोध प्रदर्शन लगातार नौवें दिन भी जारी रहा। यह प्रदर्शन अडानी एग्री फ्रेश वर्कर्स यूनियन द्वारा सीटू (CITU) के बैनर तले किया जा रहा है, जिसमें श्रम कानूनों को लागू करने और सुरक्षा कर्मचारियों को कथित रूप से गैरकानूनी तरीके से नौकरी से हटाने के विरोध में आवाज उठाई जा रही है।

    प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू शिमला जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह, लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष राजपाल भंडारी, सचिव अजय शर्मा, यूनियन अध्यक्ष सुनील जिष्टु और महासचिव सुनील ने कहा कि मजदूरों की मांगों को लेकर एक माह पूर्व प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।

    यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सुरक्षा कर्मचारियों से 12 घंटे ड्यूटी ली जा रही है, जबकि भुगतान केवल 8 घंटे का किया जा रहा है। मजदूरों को न्यूनतम वेतन नहीं मिल रहा और ओवरटाइम का दोगुना भुगतान भी नहीं किया जा रहा, जो कि कानूनन अनिवार्य है। इसके अलावा मजदूरों को निर्धारित छुट्टियां भी नहीं दी जा रही हैं।

    उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जहां प्रदेश में सेवानिवृत्ति आयु 58 वर्ष है, वहीं कंपनी में सुरक्षा गार्डों को 45 वर्ष की आयु में ही जबरन सेवानिवृत्त किया जा रहा है। साथ ही मजदूरों को ट्रांसफर की धमकियां भी दी जा रही हैं, जबकि श्रम विभाग रामपुर इस पूरे मामले में निष्क्रिय बना हुआ है।

    यूनियन ने मांग की है कि 8 घंटे से अधिक कार्य पर दोगुना ओवरटाइम दिया जाए, न्यूनतम वेतन और ओवरटाइम का बकाया भुगतान किया जाए, सभी कानूनी छुट्टियां सुनिश्चित की जाएं तथा किसी भी मजदूर की छंटनी या स्थानांतरण न किया जाए। साथ ही 58 वर्ष की आयु के बाद ही सेवानिवृत्ति लागू की जाए।

    यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे मजदूरों के साथ किसी प्रकार की अनहोनी होती है या बाहरी लोगों को लाकर दबाव बनाने की कोशिश की जाती है, तो आंदोलन उग्र रूप ले सकता है, जिसकी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन और प्रशासन की होगी।

    प्रदर्शन में कपिल, भजन, हरीश, जसबीर, चंदन, राकेश, मनोज सहित कई मजदूर मौजूद रहे।

    No comments:

    Post a Comment