🖋️ शिमला, 7 अप्रैल
अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़
कोटखाई स्थित केंद्रीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 8 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह जानकारी अनुपम कश्यप, उपायुक्त शिमला ने दी।
मंगलवार को विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. शिवानी ने उपायुक्त को अपनी ज्वाइनिंग रिपोर्ट सौंपी। इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि इसी सत्र से विद्यालय में कक्षाएं प्रारंभ हो जाएंगी तथा मई माह के पहले सप्ताह से नियमित शिक्षण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
ऑफलाइन होगी प्रवेश प्रक्रिया
प्रवेश प्रक्रिया 8 से 20 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया ऑफलाइन माध्यम से कन्या छात्र विद्यालय कोटखाई में संपन्न होगी।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहें, ताकि पंजीकरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवश्यक दस्तावेजों में जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाणपत्र सहित अन्य जरूरी कागजात शामिल हैं।
फिलहाल पहली से पांचवीं तक कक्षाएं
उपायुक्त ने बताया कि फिलहाल विद्यालय में कक्षा पहली से पांचवीं तक ही कक्षाएं संचालित की जाएंगी। कक्षा पहली में प्रवेश के लिए बच्चे की न्यूनतम आयु 6 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी 10 दिनों में सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली जाएंगी।
शिक्षा के स्तर में होगा सुधार
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के शुरू होने से कोटखाई और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी। पहले बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता था, जिससे अभिभावकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
स्टाफ की नियुक्ति जारी
विद्यालय में तीन पीआरटी शिक्षकों और प्रधानाचार्य की नियुक्ति हो चुकी है। शेष स्टाफ की नियुक्ति कक्षाएं शुरू होने तक पूरी कर ली जाएगी। फिलहाल बाल वाटिका कक्षाएं शुरू नहीं होंगी, जिन्हें भविष्य में शुरू किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी अभिभावकों से समय पर पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।“केंद्रीय विद्यालय कोटखाई में 8 अप्रैल से प्रवेश प्रक्रिया शुरू, मई के पहले सप्ताह से लगेंगी कक्षाएं”

No comments:
Post a Comment