शिक्षण संस्थानों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर रखें कड़ी नजर: उपायुक्त - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Wednesday, April 29, 2026

    शिक्षण संस्थानों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर रखें कड़ी नजर: उपायुक्त

     नशे पर रोक के लिए नियमित छापेमारी के निर्देश


    अखण्ड भारत दर्पण (ABD )न्यूज़ 

    हमीरपुर, 29 अप्रैल:

    जिला में बढ़ती नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड) की बैठक बुधवार को उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नशे की रोकथाम और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

    उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन और तस्करी एक गंभीर सामाजिक समस्या बनती जा रही है, जिससे विशेष रूप से युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जिला के सभी संदिग्ध स्थानों और शिक्षण संस्थानों के आसपास कड़ी निगरानी रखी जाए।

    उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों से भी अपील की कि वे अपने परिसरों के आसपास सतर्कता बढ़ाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही हॉस्टलों, संभावित हॉटस्पॉट्स, सुनसान स्थानों और केमिस्ट दुकानों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

    उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिला में संचालित नशा उपचार एवं पुनर्वास केंद्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को समय रहते उपचार मिल सके।

    इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने बताया कि नशे के कारोबार या सेवन से जुड़ी किसी भी सूचना को टोल फ्री नंबर 112 या ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ मोबाइल ऐप के माध्यम से साझा किया जा सकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। साथ ही उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों का विवरण भी बैठक में प्रस्तुत किया।

    बैठक में एनकॉर्ड से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे और नशे के खिलाफ संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।

    No comments:

    Post a Comment