8 अप्रैल,बंजार, कुल्लू
(परस राम भारती):
अखण्ड भारत दर्पण (ABD )न्यूज़
जला कुल्लू के उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी स्थित भिंडी थाच मैदान में मंगलवार से “शहीद लगन चंद मेमोरियल क्रिकेट कप 2026 (सीजन-6)” का भव्य शुभारंभ हुआ। समुद्र तल से करीब 8700 फीट की ऊंचाई पर घने जंगलों और पहाड़ों के बीच आयोजित यह प्रतियोगिता क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
कर्यक्रम का शुभारंभ पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं कांगड़ा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक बंजार जोन के निदेशक हितेश्वर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर शहीद लगन चंद की पत्नी और पुत्र मास्टर सक्षम विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने रिबन काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और आयोजन समिति को बधाई दी।
अपने संबोधन में हितेश्वर सिंह ने कहा कि खेलकूद युवाओं के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखते हैं। उन्होंने कहा कि शहीद की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए भी प्रेरित करेगी। उन्होंने आयोजन के लिए 21,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की, जबकि तीन महिला मंडलों को 2100-2100 रुपये की सहायता दी गई।
गौरतलब है कि यह प्रतियोगिता ग्राम पंचायत शिल्ही की खेलकूद एवं पर्यटन विकास समिति द्वारा हर वर्ष शहीद लगन चंद की स्मृति में आयोजित की जाती है, जिन्होंने वर्ष 2020 में राजस्थान के बीकानेर में देश सेवा करते हुए वीरगति प्राप्त की थी।
इस वर्ष प्रतियोगिता में 100 से अधिक टीमों के भाग लेने की संभावना है। विजेता टीम को 1,75,000 रुपये व ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 88,000 रुपये व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। सेमीफाइनलिस्ट टीमों को 15,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता की एंट्री फीस 6600 रुपये निर्धारित की गई है।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में मैन ऑफ द सीरीज को 4100 रुपये, जबकि सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज और विकेटकीपर को 2100 रुपये व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। साथ ही फेयर प्ले अवार्ड भी दिया जाएगा।
प्रतियोगिता के अंतिम दो दिनों में महिला मंडलों की रस्साकशी प्रतियोगिता भी आयोजित होगी, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण फेसबुक और यूट्यूब पर किया जाएगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश, उपाध्यक्ष निक्का राम और सचिव मनोहर लाल (भोजू) सहित पूरी टीम इस आयोजन को सफल बनाने में जुटी है।
समिति का उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखना, सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करना और क्षेत्र में पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। यह आयोजन शहीद को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ भिंडी थाच को भविष्य में खेल और पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



No comments:
Post a Comment