मध्य प्रदेश के “उन्नत कृषि किसान मेले” में उन्नत आलू तकनीकों का करेंगे लाइव प्रदर्शन
आनी, 9अप्रैल
डी. पी. रावत की विशेष रिपोर्ट
आनी क्षेत्र के रौं गांव के युवा कृषि वैज्ञानिक डॉ. अंशुल शर्मा का चयन मध्य प्रदेश में आयोजित होने वाले “उन्नत कृषि किसान मेले” में भागीदारी के लिए हुआ है। यह क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
डॉ. अंशुल शर्मा, जो अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र (CIP) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र में कृषि वैज्ञानिक के रूप में कार्यरत हैं, मेले में आलू उत्पादन की उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। विशेष रूप से वे PZTM (शून्य जुताई से आलू की खेती) तथा ARC (Apical Rooted Cuttings) तकनीक के माध्यम से आलू बीज उत्पादन पर लाइव डेमोंस्ट्रेशन देंगे।
गौरतलब है कि डॉ. अंशुल शर्मा, मंजुल शर्मा के पुत्र हैं और मूल रूप से आनी क्षेत्र की दलाश पंचायत के गांव रौं से संबंध रखते हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है और युवाओं को कृषि क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है। इन आधुनिक तकनीकों के प्रयोग से मृदा स्वास्थ्य में सुधार, जल संरक्षण तथा कृषि इनपुट लागत में कमी संभव है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सकती है।
यह मेला देशभर के किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और कृषि उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जहां उन्हें नवीन कृषि तकनीकों को समझने और अपनाने का अवसर मिलेगा।

No comments:
Post a Comment