तीर्थन घाटी में शहीद लगन चंद मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आगाज़। - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Wednesday, April 8, 2026

    तीर्थन घाटी में शहीद लगन चंद मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आगाज़।



    8700 फीट ऊंचाई पर पहाड़ों में क्रिकेट का अनोखा रोमांच शुरू।

    शहीद की याद में आयोजन, 1.75 लाख प्रथम इनाम के साथ रोमांचक मुकाबले।

    मुख्य अतिथि हितेश्वर सिंह ने किया शुभारंभ, युवाओं को सेना में जाने की प्रेरणा।

    तीर्थन घाटी गुशेनी बंजार(परस राम भारती):- जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी स्थित भिंडी थाच मैदान में मंगलवार से “शहीद लगन चंद मेमोरियल क्रिकेट कप 2026 सीजन-6” का भव्य शुभारंभ हो गया है। 8700 फीट की ऊंचाई पर घने जंगलों और पहाड़ों के बीच आयोजित इस अनोखी क्रिकेट प्रतियोगिता ने क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया है।

    इस प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व ज़िला परिषद सदस्य एवं कांगड़ा सेंट्रल ऑपरेटिव बैंक बंजार ज़ोन के निदेशक युवा नेता हितेश्वर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। स्थानीय लोगों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उन्होंने रिबन काटकर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज़ किया और आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं। इस कार्यक्रम में शहीद लगन चन्द की पत्नी और बेटा मास्टर सक्षम बतौर विशेष अथिति उपस्थित रहे।

    अपने संबोधन में हितेश्वर सिंह ने कहा कि खेलकूद का युवाओं के जीवन में विशेष महत्व है। इससे जहां युवा शारीरिक रूप से मजबूत बनते हैं, वहीं नशे जैसी बुराइयों से भी दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि शहीद लगन चंद की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए भी प्रेरित करेगी।

    उन्होंने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए 21,000 रुपये की नकद सहायता प्रदान की। साथ ही तीन महिला मंडलों स्वावलंबी महिला मंडल गरुली-2, हंसपुरी महिला मंडल परवाड़ी और पोइधार महिला मंडल गरुली-1 को 2100/2100 रुपये की सहायता राशि भी दी।

    इस मौके पर शिल्ली पंचायत के निवर्तमान उप प्रधान मोहर सिंह ठाकुर, हेत राम, समाजसेवी मोती राम, योग राज, पदम सिंह, गोकुल चंद, पंकु सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

    गौरतलब है कि यह प्रतियोगिता ग्राम पंचायत शिल्ही की खेलकूद एवं पर्यटन विकास समिति द्वारा हर वर्ष शहीद सैनिक लगन चंद की स्मृति में आयोजित की जाती है, जिन्होंने वर्ष 2020 में राजस्थान के बीकानेर में देश सेवा करते हुए शहादत पाई थी।

    भिंडी थाच मैदान अपनी प्राकृतिक सुंदरता और विशालता के लिए प्रसिद्ध है। परवाड़ी गांव तक सड़क पहुंच चुकी है और वहां से करीब 20 मिनट की ट्रैकिंग के बाद मैदान तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। खिलाड़ियों के लिए ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी समिति द्वारा की गई है।

    इस बार प्रतियोगिता में 100 से अधिक टीमों के भाग लेने की संभावना है। विजेता टीम को 1,75,000 रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 88,000 रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को 15,000 रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। एंट्री फीस 6600 रुपये रखी गई है।

    व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर मैन ऑफ द सीरीज को 4100 रुपये, जबकि सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज और विकेटकीपर को 2100 रुपये व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। साथ ही फेयर प्ले अवार्ड भी दिया जाएगा।

    प्रतियोगिता के अंतिम दो दिनों में महिला मंडलों की रस्साकसी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगी। टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण फेसबुक और यूट्यूब पर किया जाएगा।

    आयोजन समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश, उपाध्यक्ष निक्का राम, सचिव मनोहर लाल (भोजू) सहित पूरी टीम आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई है।

    समिति का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखना, सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करना और क्षेत्र में खेल व पर्यटन को बढ़ावा देना है।
    यह आयोजन न केवल शहीद को श्रद्धांजलि है, बल्कि भिंडी थाच को भविष्य में खेल और पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास भी है।
    Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

    No comments:

    Post a Comment