पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी महिला की पहचान 40 वर्षीय रेखा, पत्नी स्वर्गीय बबलू उर्फ कालू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मौलीजागरां, मनीमाजरा (चंडीगढ़) की रहने वाली है और वर्तमान में शिमला के डाऊनडेल क्षेत्र में रह रही थी, जहां से वह इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रही थी।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि स्पेशल सेल की टीम सदर थाना क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि डाऊनडेल की कोडी बस्ती में एक महिला नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में महिला पुलिस कर्मियों द्वारा संदिग्ध महिला के पर्स की तलाशी ली गई, जिसमें से 40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया गया है और आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अब मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह नशीली खेप कहां से लाई गई थी तथा शहर में किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई होनी थी। पुलिस द्वारा इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
जनता से सहयोग की अपील
एसएसपी ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के इस अभियान को और मजबूत किया जा सके।

No comments:
Post a Comment