आनी,18 अप्रैल।
डी० पी० रावत:विशेष रिपोर्ट।
अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़।
हिमाचल प्रदेश के ज़िला कुल्लू के विकास खण्ड आनी के तहतमहिला मण्डल गुगरा चुनोग की महिलाओं ने कामरेड रमेश कुमार और पदम प्रभाकर की अगुआई में आनी से वाया चवाई चलने वाली बसों को निर्धारित समय पर संचालन हेतु अड्डा प्रभारी आनी को ज्ञापन सौंपा।
कामरेड रमेश कुमार ने प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन से जल्द इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने की मांग की है।
जबकि कामरेड पदम प्रभाकर ने प्रदेश सरकार की व्यवस्था परिवर्तन पर सवाल उठाए हैं।
महिला मण्डल के प्रतिनिधि महिलाओं ने ए बी डी न्यूज़ को बताया कि आनी से सुबह साढ़े नौ बजे चवाई की ओर चलने वाली प्रदेश पथ परिवहन निगम सब डिपो आनी की बस अक्सर देरी से चलती है। जिसका खामियाज़ा से गुगरा चुनोग गांव के स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ता है। बच्चे कभी चवाई स्कूल में साढ़े दस बजे तो कभी पौने ग्यारह बजे तो कभी ग्यारह बजे स्कूल में पहुंचते हैं। उधर अध्यापक गण उन्हें स्कूल में प्रवेश नहीं करने देते।
इसके अतिरिक्त उन्होंने अड्डा प्रभारी आनी के माध्यम से क्षेत्रीय प्रबंधक हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम रामपुर बुशैहर को लिखित ज्ञापन में आनी -टिक्करीदल वाया चवाई (9:30 बजे सुबह,आनी - काण्डा- दलाश (दोपहर एक बजे) बस रूट को निर्धारित समय पर संचालन की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगे जल्द नहीं मांगी गई तो वे 22 अप्रैल से आनी बस अड्डा परिसर में धरने पर बैठेंगे।
आनी अड्डा प्रभारी इंद्र सिंह ने बताया आनी सब डिपो में बसों की कमी है जिसकी वजह से बस रूट प्रभावित हो रहे हैं । उन्होंने बताया कि पिछली बरसात से पूर्व 32 बसें उपलब्ध थीं और वर्तमान में 23 बसों से काम चलाया जा रहा है। उसमें में भी एक ख़राब चल रही है।
उन्होंने बताया कि बसों की कमी के कारण आनी पोखरी बस रूट बरसात के बाद बिल्कुल बंद है। जबकि लोक निर्माण विभाग से रोड क्लियरेंस सर्टिफिकेट मिल चुका है।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि गत बरसात से आज तक रामपुर से आनी की ओर चलने वाली रामपुर आनी सुबह सवा सात बजे,साढ़े नौ बजे व दोपहर साढ़े बारह बजे,रामपुर - दलाश दोपहर 2:40 बजे,रामपुर गूंगी दलाश सायं 6:15 बजे आदि पांच रूटों पर बस सेवाएं ठप्प पड़ी हैं।
फ़िर भी उन्होंने महिलाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे सोमवार से आनी -टिक्करीदल वाया चवाई बस को जनहित और विद्यार्थियों के हित में सुबह 9:30 बजे की बजाय 9:15 बजे सुबह चलाया जाएगा। उन्होंने महिलाओं से सहयोग की अपील की है।

No comments:
Post a Comment