कुल्लू दशहरा के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों का ऑडिशन से होगा चयन। - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Saturday, September 24, 2022

    कुल्लू दशहरा के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों का ऑडिशन से होगा चयन।

    5 अक्तूबर से 11 अक्तूबर तक आयोजित होने  वाले अंतर्राष्ट्रीय लोक नृत्य उत्सव दशहरा में सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों का चयन ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा।अतिरिक्त उपायुक्त प्रशांत सरकैक ने जानकारी देते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय लोक नृत्य उत्सव के स्वरूप को कायम रखने के लिए यह जरूरी है कि सांस्कृतिक संध्याओं में उच्च श्रेणी के कलाकार ही परफॉर्म करें।  लाल चंद प्रार्थी कला केन्द्र में प्रस्तुति देने वाले प्रत्येक कलाकार को ऑडिशन से गुजरना होगा।
    उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला के कलाकारों के लिए ऑडिशन 29 व 30 सितम्बर, 2022 को आयोजित किए जाएंगे। अन्य जिलों के कलाकारों को 1 व 2 अक्तूबर, 2022 को देव सदन  कुल्लू में ऑडिशन के लिए आमंत्रित किया गया है। ऑडिशन वॉक-इन के माध्यम से प्रातः 10 बजे से सांय 4 बजे तक लिए जाएंगे।
    अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी ने कहा कि इसके अलावा स्थापित कलाकारों, जिन्हें राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर सरकार संस्थानों द्वारा पुरस्कृत किया गया है अथवा मुख्य धारा के राष्ट्रीय टी.वी. कार्यक्रम में पहले, दूसरे अथवा तीसरे स्थान पर रहे हैं अथवा राज्य स्तर के वे कलाकार जिन्होंने गायिकी के क्षेत्र में ख्याति प्राप्त की हो और वर्षों से अपनी गायिकी की एल्बम भी प्रकाशित कर रहे हैं, के आवेदन पत्र कार्यालय में प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों को छंटनी के लिए समिति के समक्ष रखा जाएगा। छंटनी किए गए कलाकारों को श्रेणी बी में रखा जाएगा और इन कलाकारों को ऑडिशन में नहीं आना पड़ेगा। श्रेणी बी के दावेदार कलाकारों के आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 सितंबर , 2022 निश्चित की गई है। इस श्रेणी के कलाकारों की छंटनी के बाद सूची 27 सितंबर को जारी की जाएगी। जिन कलाकारों का नाम श्रेणी बी की सूची में नहीं होगा उन्हें ऑडिशन में भाग लेना होगा।
    प्रशांत सरकैक ने कहा कि ऑडिशन में चयनित कलाकारों को लाल चंद प्रार्थी कलाकेन्द्र में दशहरा उत्सव की संध्याओं के दौरान सांय 4 बजे से 7 बजे तक प्रस्तुति देने का मौका दिया जाएगा।  
    उन्होंने इच्छुक कलाकारों को उपरोक्त तिथियों में देव सदन कुल्लू में आकर ऑडिशन में भाग लेने की अपील की है। इसके उपरांत किसी भी कलाकार की प्रस्तुति पर विचार नहीं किया जाएगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कुल्लू के मोबाईल नम्बर 9418069064 अथवा 7018603265 पर संपर्क करें ।

    No comments:

    Post a Comment

    Thanks for contact us. We will contact you shortly.