निरमण्ड उप मण्डल प्रशासन और संबधित विभागों ने बेहद चौकसी से दिया राहत एवम् बचाव कार्य को अंजाम।
डी० पी० रावत।
निरमंड, 6 जून।
हिमाचल प्रदेश के ज़िला कुल्लू के आपदा प्रबन्धन के तहत निरमण्ड में आज पूर्वाभ्यास(मॉक ड्रिल) का आयोजन किया गया। तहसील कार्यालय निरमण्ड इस दौरान भूकंप की चपेट में आया। आपदा के दौरान कार्यालय में करीब 37 लोग थे। अधिकतर लोगों ने भागकर जान बचाई और 12 लोग इसमें फंस गए।
मॉक ड्रिल के दौरान प्रात: 9 बजकर 50 मिनट पर आपदा आई। 9 बजकर 55 मिनट पर सभी संबंधित विभागों को अलर्ट किया गया। और 10 बजे तक राहत और बचाव कार्य शुरु कर दिया गया। तहसील कार्यालय में फंसे 12 लोगों में एक व्यक्ति मृत घोषित किया गया। 4 गंभीर घायल हुए। इसमें से 1 गर्भवती महिला भी शामिल थी। कुछ गंभीर घायलों को रामुपर और शिमला अस्पताल रेफर किया गया और अन्य घायलों का उपचार निरमंड में स्थापित अस्थायी स्वास्थ्य शिविरों में किया गया।
सूचना प्राप्त होते ही एसडीएम निरमण्ड मनमोहन सिंह की अगुआई में सीआईएसफ बायल प्रोजेक्ट, पुलिस, होम गार्ड, एन० सी० सी० कैडेट्स,अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, राज्सव विभाग और विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आपसी समन्वय से राहत और बचाव कार्यों को अंजाम दिया।
एसडीएम निरमण्ड मनमोहन सिंह ने इस दौरान कहा कि मॉक ड्रिल प्रशासन तथा आम लोगों को आपदा से निपटने के लिए सक्षम बनाती है। सरकारी तंत्र के साथ साथ आम लोग भी इस तरह के कार्यक्रम से जागरूक होते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी अधिकारी कर्मचारी और आम लोगों का आभार जताया।
मॉक ड्रिल कार्यक्रम में निरमण्ड उपमंडल स्तर के विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Best Digital Marketing Services – Click Here





No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.