डी० पी० रावत, ऑनलाइन डैस्क
नई दिल्ली, 15 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में 16वें वित्तायोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगड़िया से मुलाकात कर प्रदेश की आर्थिक मजबूती के लिए अहम सुझाव रखे। मुख्यमंत्री ने राज्य को वित्तीय संकट से उबारने के लिए राजस्व घाटा अनुदान जारी रखने की पुरज़ोर मांग की और पहाड़ी राज्यों की विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विशेष वित्तीय सहयोग देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में विकास लागत अन्य राज्यों की तुलना में कहीं अधिक है, इसलिए जनसंख्या अनुपात से दोगुना अनुदान मिलना चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि 15वें वित्तायोग द्वारा अनुदान में की गई कटौती से प्रदेश को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने एक नई पहल के रूप में "ग्रीन फंड"बनाने का प्रस्ताव भी रखा, जिससे हिमालयी पारिस्थितिकी को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस विषय पर प्रधानमंत्री से भी चर्चा हो चुकी है।
आपदा प्रबंधन, कर्ज राहत, स्थानीय निकायों को मजबूत बनाने और विशेष अनुदान से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव भी बैठक में रखे गए।
डॉ. पनगड़िया ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि हिमाचल के हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार हर संभव सहयोग देगी।
मुख्यमंत्री के साथ इस अहम बैठक में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह भी उपस्थित रहे।
यह बैठक हिमाचल के लिए आर्थिक संबल और भविष्य की राहत की दिशा में एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।
Best Digital Marketing Services – Click Here


No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.