15 जुलाई को नहीं होगा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, आपदा के चलते कार्यक्रम स्थगित - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।

Followers

Breaking News

    Wednesday, July 9, 2025

    15 जुलाई को नहीं होगा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, आपदा के चलते कार्यक्रम स्थगित

     

    राजधानी शिमला के रिज मैदान पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का 15 जुलाई को प्रस्तावित अनावरण समारोह अब नहीं होगा। प्रदेश में आई आपदा को देखते हुए यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। इस बाबत मंगलवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी प्रतिभा सिंह ने जानकारी दी।


    उन्होंने बताया कि पहले यह अनावरण समारोह 23 जून को होना था, लेकिन कुछ कारणों से यह संभव नहीं हो सका। इसके बाद 15 जुलाई की तिथि तय की गई थी और इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के भी शामिल होने की संभावना थी। लेकिन प्रदेश में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदा के कारण इस आयोजन को फिलहाल टाल दिया गया है।


    आपदा के समय जनमानस का ध्यान राहत कार्यों में है”

    प्रतिभा सिंह ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में लोग संकट में हैं। कई लोगों की जानें जा चुकी हैं, संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। ऐसे समय में सार्वजनिक समारोह उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण की नई तिथि जल्द तय की जाएगी।


    वीरभद्र सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, राजीव भवन में हुआ कार्यक्रम


    मंगलवार को वीरभद्र सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि आधुनिक हिमाचल की नींव रखने में वीरभद्र सिंह का अभूतपूर्व योगदान रहा है। उन्होंने प्रदेश के कोने-कोने को सड़कों से जोड़ा, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया और शिक्षा व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को गांव-गांव पहुंचाया।


    "हॉली लॉज हमेशा रहेगा जनता के लिए खुला"

    प्रतिभा सिंह ने कहा, “वीरभद्र सिंह एक सच्चे जननेता थे। उन्हें न केवल हिमाचल की जनता, बल्कि यहां की संस्कृति, परंपराओं से गहरा लगाव था। आज भी लोग उनके कार्यों को याद करते हैं और भावुक हो जाते हैं।”


    विक्रमादित्य सिंह बोले – “पिताजी की यादें हमें प्रेरित करती रहेंगी”


    लोक निर्माण मंत्री व वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह, मंडी जिले के दौरे पर होने के कारण श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भावुक संदेश साझा करते हुए कहा, “पिताजी को गए चार साल हो गए, लेकिन उनका मार्गदर्शन और स्मृतियां आज भी जीवित हैं। उनका पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित था। मैं भी उन्हीं के पदचिह्नों पर चलकर सेवा करना चाहता हूं।”


    कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि


    कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर, विधायक हरीश जनारथा, वन निगम उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, महापौर सुरेंद्र चौहान, पूर्व विधायक आदर्श सूद सहित कई नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने वीरभद्र सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।


    सराज क्षेत्र का दौरा करेंगी प्रतिभा सिंह


    प्रतिभा सिंह ने बताया कि वह जल्द ही मंडी जिले के सराज क्षेत्र का दौरा करेंगी। उन्होंने कहा कि भारी बारिश और आपदा से सराज व करसोग क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। करसोग का दौरा वह पहले ही कर चुकी हैं। उन्होंने कहा, “प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता पहुंचाई जा रही है। सरकार राहत कार्यों में पूरी तरह जुटी है और कांग्रेस पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी है।”


    No comments:

    Post a Comment