कुंगश में 20 आषाढ़ मेले का शुभारंभ, देव आस्था और लोक संस्कृति का अनूठा संगम - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Friday, July 4, 2025

    कुंगश में 20 आषाढ़ मेले का शुभारंभ, देव आस्था और लोक संस्कृति का अनूठा संगम

     डी ०पी० रावत।

    आनी,4जुलाई।

     आनी उपमंडल की ग्राम पंचायत कुंगश में पारंपरिक आषाढ़ मेला शुक्रवार से धूमधाम से शुरू हो रहा है। मेले में स्थानीय देव परंपराओं की अनुपम झलक के साथ महिला मंडलों और स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।


    मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं पंचायत प्रधान राकेश ठाकुर ने जानकारी दी कि मेले का विधिवत शुभारंभ स्थानीय देवताओं—कुंगशी महादेव, पनेउई नाग देवता और चिमनी के माहूंनाग देवता—के आगमन और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के साथ किया जाएगा।


    लोक कलाकारों की प्रस्तुति से सजेगी सांस्कृतिक संध्या


    मेला आयोजन के दौरान दो भव्य सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित होंगी। पहली संध्या शुक्रवार रात को आयोजित की जाएगी, जिसमें लोकप्रिय लोक गायक तांत्रा बॉयज, वर्षा ठाकुर और काकू चौहान अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीतेंगे।


    वहीं, 5 जुलाई को अंतिम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें हिमाचली स्टार कलाकार विक्की चौहान और क्षेत्रीय लोक गायिका रमन भारती अपनी मधुर आवाज से समां बांधेंगी।


    खेल प्रतियोगिताएं भी रहेंगी आकर्षण का केंद्र


    मेले में मनोरंजन के साथ-साथ खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। पुरुष वर्ग के लिए वॉलीबॉल प्रतियोगिता तथा महिला मंडलों के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता करवाई जाएगी। विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।


    देव आस्था का अनूठा संगम


    राकेश ठाकुर ने बताया कि मेला पूरी तरह देव परंपराओं के अनुरूप मनाया जाएगा। देव पूजन, देव नृत्य और गांववासियों की आस्था से परिपूर्ण यह मेला क्षेत्रवासियों के लिए श्रद्धा और संस्कृति का अद्भुत संगम होगा।


    उन्होंने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे पारंपरिक परिधान में आकर मेले की गरिमा को बनाए रखें और इस सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा बनें।

    No comments:

    Post a Comment