जंजैहली में मंत्री जगत सिंह नेगी को दिखाए काले झंडे, लगे 'गो बैक' के नारे - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Friday, July 25, 2025

    जंजैहली में मंत्री जगत सिंह नेगी को दिखाए काले झंडे, लगे 'गो बैक' के नारे

     


    पूर्व CM जयराम ठाकुर के गढ़ में विरोध, सराज से बागवानी कॉलेज हटाने की आशंका पर भड़के लोग




    राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी के सराज दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त विरोध जताया। शुक्रवार को जंजैहली पहुंचने पर मंत्री को काले झंडे दिखाए गए और 'गो बैक' के नारे लगे। यह विरोध सराज से बागवानी कॉलेज को हटाने की संभावनाओं को लेकर किया गया।


    पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र सराज में यह विरोध प्रतीकात्मक रूप से सियासी संदेश भी दे गया। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच पहले से ही तल्खी है, जो विधानसभा सत्रों में तीखी बहस और बयानों के रूप में सामने आती रही है।


    हाल ही में आई आपदा पर केंद्रीय मदद को लेकर जगत सिंह नेगी ने जयराम ठाकुर पर तंज कसा था, जिससे नाराज होकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध का रास्ता अपनाया


    आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, राहत का भरोसा


    मंत्री जगत सिंह नेगी ने सराज क्षेत्र में आपदा से प्रभावित इलाकों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी व राजस्व विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन करेंगे। वर्ष 2023 के राहत पैकेज के तहत मुआवजा राशि में बढ़ोतरी की गई है, ताकि किसानों और बागवानों को राहत मिल सके।


    मवेशियों की हानि पर भी मुआवजा बढ़ाया गया है। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित तक मदद पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।


    बागवानी कॉलेज को लेकर बवाल


    सबसे बड़ा विवाद नौणी यूनिवर्सिटी के तहत थुनाग में प्रस्तावित बागवानी कॉलेज को लेकर हुआ। मंत्री नेगी ने कहा कि कॉलेज को नाचन क्षेत्र में शुरू करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं, जहां सरकारी भवन पहले से उपलब्ध हैं।


    इस बयान के बाद स्थानीय जनता और भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठे। उन्होंने साफ कहा कि यह कॉलेज सराज का है और सराज से बाहर ले जाने की कोशिश जनभावनाओं के खिलाफ है।


    भाजपा नेता गुलजारी लाल और अन्य नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाया कि आपदा की आड़ में सराज से संस्थान हटाने की साजिश रची जा रही है, जो कभी सफल नहीं होगी।


    No comments:

    Post a Comment

    Thanks for contact us. We will contact you shortly.