मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला कुल्लू के ऐतिहासिक हिडिम्बा मंदिर मनाली में पूजा-अर्चना कर पांच दिवसीय राष्ट्र स्तरीय शरद् महोत्सव (विंटर कार्निवाल) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने परिधि गृह मनाली से कार्निवाल परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने महिला मंडलों, विभिन्न विभागों और संस्थाओं द्वारा प्रस्तुत झांकियों में गहरी दिलचस्पी दिखाई।
मुख्यमंत्री ने मनु रंगशाला में दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया। इसके उपरांत एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने महिला मंडलों की प्रोत्साहन राशि को मौजूदा 10,000 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये करने की घोषणा भी की। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन और अन्य गतिविधियों को प्रोत्साहन करने के लिए मनाली में एक इंडोर स्टेडियम और आइस स्केटिंग रिंक का निर्माण करने की भी घोषणा की। उन्होंने वाहनों के सुचारू प्रवाह को सुनिश्चित करने के लिए मनाली बाईपास के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए सोलंग नाला में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इससे अटल टनल रोहतांग में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि मनाली की ओर आकर्षित करने के लिए साहसिक खेलों में रुचि रखने वाले लोगों के लिए डोभी और पीज को पैराग्लाइडिंग की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए सभी दस वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को मंत्रिमंडल की पहली कैबिनेट में लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 18 से 60 वर्ष की आयुवर्ग की महिलाओं को कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए वादे के अनुसार 1500 रुपये प्रति माह प्रदान किए जाएंगे।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के स्वच्छ पर्यावरण को संरक्षित के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इस दिशा में प्रदेश सरकार ने राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आरंभ में इसी माह की 15 तारीख तक 18 वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों से बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में बेहतर चार्जिंग अधोसंरचना को भी स्थापित किया जाएगा ताकि लोग इलेक्ट्रिक वाहनों के विकल्प को चुन सकें।
उन्होंने कहा कि विंटर कार्निवाल मनाली का पर्यटन, व्यापार, पारंपरिक मान्यताओं और संस्कृति के संरक्षण की दृष्टि से अत्यधिक महत्व है। कार्निवल विभिन्न राज्यों के विभिन्न कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मंच प्रदान करता है। विधायक कुल्लू सुंदर सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और जरूरतमंदों के लिए मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष बनाने की घोषणा के लिए उनका धन्यवाद किया।
विधायक मनाली भुवनेश्वर गौड़ ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र की कुछ विकासात्मक मांगों को विस्तार से बताया। उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष कुल्लू पंकज परमार, उपाध्यक्ष जिला परिषद वीर सिंह ठाकुर, सचिव एवं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजीव किमटा, सचिव प्रदेश कांग्रेस देवेंद्र नेगी, राष्ट्रीय महिला कांग्रेस समन्वयक विद्या नेगी, अध्यक्ष एमसी मनाली चमन कपूर, अन्य कांग्रेसी नेता, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
Best Digital Marketing Services – Click Here
No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.