ऑनलाइन ब्वॉयफ्रेंड से मिलने के लिए बनी सनम खान, फर्जी पासपोर्ट और वीजा पर गई पाकिस्तान; डेढ़ महीने बाद लौटी - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Thursday, July 25, 2024

    ऑनलाइन ब्वॉयफ्रेंड से मिलने के लिए बनी सनम खान, फर्जी पासपोर्ट और वीजा पर गई पाकिस्तान; डेढ़ महीने बाद लौटी

     ऑनलाइन ब्वॉयफ्रेंड से मिलने के लिए बनी सनम खान, फर्जी पासपोर्ट और वीजा पर गई पाकिस्तान; डेढ़ महीने बाद लौटी


    Delhi News: पाकिस्तानी सीमा हैदर अपने बच्चों के साथ बिना पासपोर्ट और वीजा के अपने प्रेमी सचिन से मिलने दिल्ली आई। इसी तरह भारतीय महिला अंजू अपने प्रेमी नसरुल्लाह से मिलने पाकिस्तान गई, वहां उससे शादी रचाई और फिर भारत लौट गई। इसी तरह का एक मामला महाराष्ट्र के ठाणे शहर से सामने आया है।

    यहां एक महिला को सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी युवक बाबर से मुहब्बत हो गई। उसने ऑनलाइन शादी की और फिर जाली दस्तावेजों से पाकिस्तानी वीजा बनाकर बेटी संग निकल गई। डेढ़ महीना पाकिस्तान में रहकर वह अब भारत पहुंची है। पुलिस ने महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस ने 23 वर्षीय एक महिला के खिलाफ जाली दस्तावेजों के आधार पर फर्जी पासपोर्ट और वीजा हासिल कर पाकिस्तान की यात्रा करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने महिला के साथ एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भी फर्जी दस्तावेज तैयार करने में मदद करने का मामला दर्ज किया है।

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला की पहचान नगमा नूर मकसूद अली के रूप में हुई है, उसने ​​सनम खान के नाम से नकली पाकिस्तानी वीजा बनाया। इसके लिए उसने जाली दस्तावेज भी बनाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसने अपना नाम बदलकर लोकमान्य नगर स्थित एक केंद्र से आधार कार्ड, पैन कार्ड और अपनी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र हासिल किया और फिर इन दस्तावेजों को पासपोर्ट आवेदन के साथ संलग्न कर दिया।

    उन्होंने बताया कि इन दस्तावेजों के आधार पर उसने पासपोर्ट और पाकिस्तान के लिए वीजा प्राप्त किया और पड़ोसी देश की यात्रा की। उन्होंने बताया कि महिला के अलावा एक अन्य शख्स पर भी मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि यह अपराध मई 2023 से 2024 के बीच हुआ और इसकी जांच की जा रही है।

    2021 में सोशल मीडिया पर बाबर से हुई दोस्ती

    सूत्रों का कहना है कि साल 2021 में नगमा उर्फ सनम खान की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान के एबटाबाद में रहने वाले बाबर बशीर अहमद से दोस्ती हुई। जल्दी ही दोनों में प्यार हो गया। दोनों के बीच नंबर एक्सटेंज हुए और फिर वे फोन पर बातें करने लगे। रिपोर्ट के मुताबिक, उसने पाकिस्तानी वीज़ा के लिए आवेदन किया था, जिसे अस्वीकार कर दिया गया।

    पुलिस ने दावा किया कि फरवरी 2024 में उसने बाबर से “ऑनलाइन” शादी की और फिर से वीजा के लिए आवेदन किया, लेकिन इस बार उसके दस्तावेजों में महिला का नाम सनम लिखा हुआ था। वह पिछले हफ़्ते 17 जुलाई को भारत लौट आई है। ठाणे में रहने वाली महिला की मां ने पुलिस के दावे का खंडन करते हुए कहा कि 2015 में अपने पति से अलग होने के बाद महिला ने अपना नाम बदल लिया था और अपने बच्चों का नाम भी बदल दिया था। 

    No comments:

    Post a Comment

    Thanks for contact us. We will contact you shortly.