कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के तोष में आधी रात की फटा बादल, तीन घर और एक पुल बहे - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Tuesday, July 30, 2024

    कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के तोष में आधी रात की फटा बादल, तीन घर और एक पुल बहे

      कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के तोष में आधी रात की फटा बादल, तीन घर और एक पुल बहे

    Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के मणिकर्ण घाटी के तोष में रविवार देर रात बादल फट गया। बादल फटने से यहां पर भारी तबाही मची है। बाढ़ में एक पुल बह गया है। घरों में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। देर रात बादल फटने के बाद यहां पर अफरा तफरी मच गई। लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। फिलहाल तोष का संपर्क कट गया है।

    पलचान के सरेही नाला का जलस्तर फिर बढ़ा, मनाली-लेह मार्ग रहा बाधित

    उधर, सोलंग घाटी के पलचान से सटे सरेही नाला का जलस्तर फिर बढ़ा गया है। नाले का पानी सड़क से बहने लगा। इस वजह से मनाली-लेह मार्ग यातायात के लिए फिर बंद हो गया। हालांकि, कुछ समय बाद मार्ग बहाल कर दिया गया। वहीं पलचान गांव के ग्रामीणों अभी भी सहमे हुए हैं। कुछ दिन पहले बदल फटने की घटना से गांव के तीन मकान बह गए हैं, जबकि पांच मकानों को खतरा पैदा हो गया है। एसडीएम रमण कुमार शर्मा ने बताया कि पानी बढ़ने से मनाली-लेह मार्ग बंद हो गया था जिसे बाद में बहाल कर दिया गया। वहीं, प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार को भी बारिश के आसार हैं। 31 जुलाई और एक अगस्त को अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। इस दौरान प्रदेश के पांच जिलों कुल्लू, सोलन, सिरमौर, शिमला, किन्नौर के कुछ क्षेत्रों में भूस्खलन और बाढ़ आने की चेतावनी भी जारी हुई है।

    राहत एवं बचाव कार्य के लिए निर्देश दिए: मुख्यमंत्री

    वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मणिकर्ण घाटी के तोष गांव में बादल फटने की घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर उन्हें राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रदेश में तमाम जगहों पर भारी बारिश के चलते हो रही ऐसी घटनाओं पर हमारी नजर है और प्रशासन राहत कार्यों के लिए हर जरूरी कदम उठा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के नागरिकों व सैलानियों से अनुरोध किया कि सावधानी बरतें और नदी-नालों के पास जाने से बचें।

    ब्रह्म गंगा नाले में भी आई बाढ़, कैंपिंग साइट को नुकसान

    मणिकर्ण घाटी में सोमवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही हुई है। एक तरफ जहां तोष में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ। वहीं मणिकर्ण के साथ लगते ब्रह्म गंगा नाले में भी देर रात बाढ़ आई। इसके चलते एक कैंपिंग साइट को नुकसान हुआ है। नदी-नालों में आई बाढ़ के बाद अब घाटी के लोग सहम गए हैं।

    सोमवार रात को सराहन में 12.0, रोहड़ू 12.0, संगड़ाह 10.0, जोगिंद्रनगर 8.0, सैंज 6.5, मनाली 6.0, रामपुर 5.8, धर्मशाला 5.4 व गोहर में 5.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। उधर, शिमला में न्यूनतम तापमान 18.8, कल्पा 16.5, धर्मशाला 21.4, ऊना 25.0, नाहन 24.3, मंडी 25.5, सोलन 20.7, मनाली 18.1, कांगड़ा 23.9, बिलासपुर 26.6, हमीरपुर 25.9 और चंबा में 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

    ऊना में झमाझम बरसे बादल, तहसील कार्यालय में घुसा पानी

    ऊना में मंगलवार सुबह 11:00 बजे हुई झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है। एकाएक शुरू हुए बारिश के क्रम के बीच सड़कें पानी से लबालब हो गईं। वहीं गली-मोहल्लों में बच्चे और लोग बारिश का आनंद उठाते हुए नजर आए। शहरवासियों में लाला सोहन, मनप्रीत, कमल, रवि, अश्वनी ने बताया कि मंगलवार को हुई तेज बारिश की जरूरत बीते कई दिन से थी। इस बारिश के बाद ऊना में पड़ रही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं तेज बारिश से तहसील कार्यालय में फिर पानी घुस गया। इससे पहले भी यहां मिनी सचिवालय में जलभराव का मामला आया था।

    No comments:

    Post a Comment

    Thanks for contact us. We will contact you shortly.