Himachal Tourism: साल 2024 की पहली छमाही में हिमाचल पहुंचे एक करोड़ से अधिक सैलानी - अखण्ड भारत दर्पण (ABD) न्यूज़

अखण्ड भारत दर्पण (ABD)  न्यूज़

ABD News पर पढ़ें राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, प्रदेश और स्थानीय समाचार। राजनीति, शिक्षा, खेल और ताज़ा खबरें।


Breaking News

    Wednesday, July 24, 2024

    Himachal Tourism: साल 2024 की पहली छमाही में हिमाचल पहुंचे एक करोड़ से अधिक सैलानी

     प्रदेश में पर्यटकों की आमद में जबरदस्त उछाल देखने में आया है। प्रदेश में वर्ष 2024 की पहली छमाही में एक करोड़ से अधिक सैलानी पहुंचे।


    हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की आमद में जबरदस्त उछाल देखने में आया है। प्रदेश में वर्ष 2024 की पहली छमाही में एक करोड़ से अधिक सैलानी पहुंचे। इस साल जून के अंत तक रिकॉर्ड 1,00,87,440 पर्यटक हिमाचल के भ्रमण पर पहुंचे। प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति पर्यटकों से गुलजार हैं।

    इस अवधि में सर्वाधिक पर्यटक कुल्लू और शिमला जिलों में उमड़े। कुल्लू जिले की 4,73,737 और शिमला जिले की 4,48,392 सैलानियों ने यात्रा की। प्रदेश में जुलाई में भी पर्यटकों का आगमन निरंतर जारी है। सरकार के अनुसार प्रदेश की अधिकतर सड़कें पर्यटकों के सुगम आवागमन के लिए खुली हैं और पर्यटक हिमाचल की नैसर्गिक सुंदरता को निहारने के लिए प्रदेश का रुख कर रहे हैं।

    अधिकतर सड़कें खोली गईं: सीएम सुक्खू

    मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पर्यटकों को आश्वस्त किया है कि प्रदेश के अधिकांश मार्ग यातायात के लिए खुले हैं। खराब मौसम के कारण प्रदेश की कुछ सड़कें प्रभावित हुईं थीं, लेकिन वर्तमान में पर्यटकों और आमजन के लिए अधिकतर सड़कें खोली जा चुकी हैं।

    उन्होंने कहा कि जुलाई महीने में हजारों की संख्या में पर्यटकों ने हिमाचल की सैर की और इस वर्ष के अंत तक पर्यटकों की संख्या दो करोड़ से अधिक रहने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैलानी प्रदेश के विभिन्न स्थलों की यात्रा से संबंधित जानकारी संबंधित जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के हेल्पलाइन नंबर और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।

    उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटकों की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करने को प्राथमिकता प्रदान कर रही है। सुक्खू ने सैलानियों की सुरक्षित यात्रा के लिए प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग बाधित सड़कों को बहाल करने के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है।

    पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग पर्यटकों को समय-समय पर विशेष सड़क मार्गों पर यात्रा संबंधी जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित कर रहा है। ज़िला प्रशासन और हिमाचल पुलिस द्वारा सड़कों की स्थिति संबंधी जानकारी निरंतर उपलब्ध करवाई जा रही है ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना  पड़ेNews source

    No comments:

    Post a Comment

    Thanks for contact us. We will contact you shortly.