मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शनिवार को एक कैबिनेट बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने इस संबंध में जानकारी प्रदान की। लंबे समय से लंबित सात पोस्ट कोड की भर्तियों के परिणाम को जारी करने की स्वीकृति कैबिनेट द्वारा दी गई है। अभ्यर्थी लंबे समय से इस पेंडिंग रिजल्ट को लेकर सरकार से अनुरोध कर रहे थे। इन सात पोस्ट कोड के अंतर्गत 713 पदों के भर्ती परिणाम की घोषणा की जाएगी।
भर्तियों के परिणाम को मिली स्वीकृति
मंत्रिमंडल ने पोस्ट कोड 928 के तहत 66 स्टेनो टाइपिस्ट और पोस्ट कोड 962 के अंतर्गत सचिवालय लिपिक के 82 पदों के भर्ती परिणाम को जारी करने की स्वीकृति दी है। इसके अतिरिक्त, पोस्ट कोड 970 के तहत वन विभाग में कनिष्ठ अभियंता के 11 पदों, बिजली बोर्ड में पोस्ट कोड 971 के अंतर्गत लाइनमैन के 186 पदों, और पोस्ट कोड 980 के तहत ड्राइंग टीचर्स के 314 पदों की भर्ती परीक्षा के परिणाम को भी मंजूरी दी गई है।
मार्केट सुपरवाइजर पद कोड 77 के अंतर्गत 11 और फायरमैन पद कोड 916 के तहत 43 पदों की भर्ती परिणाम जारी करने का निर्णय लिया गया है। कैबिनेट उप समिति ने इन भर्तियों के परिणामों को मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत करने की सिफारिश की थी। कैबिनेट की बैठक में हमीरपुर चयन आयोग को विभिन्न पद कोड की भर्तियों के परिणाम घोषित करने की अनुमति प्रदान की गई है।
बजट सत्र 10 मार्च से प्रारंभ होगा
मंत्रिमंडल ने वर्ष 2025-26 के विधानसभा बजट सत्र को स्वीकृति दी है। यह सत्र 10 से 28 मार्च तक चलेगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 17 मार्च को बजट प्रस्तुत करेंगे। इस बार बजट सत्र में 15 बैठकों का आयोजन किया जाएगा।
इन पदों की भर्ती की जाएगी
मंत्रिमंडल की बैठक में संजौली पुलिस चौकी को पुलिस स्टेशन में परिवर्तित करने और विभिन्न श्रेणियों के 20 पदों के सृजन एवं भरने की स्वीकृति दी गई। शिमला जिले के नेरवा में एक नई अग्निशमन चौकी खोलने और विभिन्न श्रेणियों के 17 पदों के सृजन एवं भरने की अनुमति प्रदान की गई। राजस्व विभाग में तहसीलदार के नौ पदों के सृजन एवं भरने की स्वीकृति दी गई। शिमला जिले के कोटखाई पुलिस स्टेशन के अंतर्गत स्थापित पुलिस चौकी बाघी के लिए विभिन्न श्रेणियों के छह पदों के सृजन एवं भरने की अनुमति दी गई। योजना विभाग में विभिन्न श्रेणियों के तीन पदों और कोषागार, लेखा एवं लॉटरी विभाग में कोषागार अधिकारियों के तीन पदों को भरने की स्वीकृति कैबिनेट बैठक में दी गई।
कैबिनेट बैठक में सोलन जिले के बशील में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने और विभिन्न श्रेणियों के तीन पदों के सृजन एवं भरने की स्वीकृति दी गई। कांगड़ा में आवश्यक पदों के सृजन और भरने के साथ-साथ नया जल शक्ति विभाग मंडल स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। बैठक में बिलासपुर जिले के श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के जगातखाना में जल शक्ति विभाग मंडल की स्थापना और आवश्यक पदों के सृजन एवं भरने की अनुमति दी गई। इसके अतिरिक्त, बैठक में सोलन जिले के लोहारघाट में नई उप तहसील की स्थापना और आवश्यक पदों के सृजन एवं भरने को भी मंजूरी दी गई। मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश राजकीय दंत महाविद्यालय शिमला में विभिन्न विभागों में सहायक प्रोफेसर के 16 स्वीकृत पदों को एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर स्तरोन्नत करने की स्वीकृति भी दी है।
Best Digital Marketing Services – Click Here

No comments:
Post a Comment
Thanks for contact us. We will contact you shortly.